कोरोना वायरसः निर्यात में 60.28% की रिकॉर्ड गिरावट, व्यापार घाटा चार साल में सबसे कम

Saturday, May 16, 2020 - 11:05 AM (IST)

नई दिल्लीः कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लागू लॉकडाउन बंद के चलते अप्रैल में देश का निर्यात 60.28 प्रतिशत घटकर 10.36 अरब डॉलर रह गया। किसी एक माह के दौरान यह निर्यात में रिकॉर्ड गिरावट है। साथ ही यह लगातार दूसरा महीना है जबकि निर्यात में गिरावट आई है। 

यह भी पढ़ें-  चीन से भारत आने वाली कंपनियों को ट्रंप की चेतावनी

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल महीने में आयात भी 58.65 प्रतिशत घटकर 17.12 अरब डॉलर रह गया। एक साल पहले इसी महीने में यह 41.4 अरब डॉलर था। आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में व्यापार घाटा कम होकर 6.76 अरब डॉलर रह गया, जो एक साल पहले 2019 के इसी महीने में 15.33 अरब डॉलर था। मई, 2016 के बाद यह व्यापार घाटे का सबसे निचला स्तर है। मार्च, 2020 में देश का निर्यात 34.57 प्रतिशत घटा था। 

यह भी पढ़ें-  कोरोना वायरस के चलते वैश्विक अर्थव्यवस्था को हो सकता है 8,800 अरब डॉलर का नुकसान: ADB

मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘निर्यात में गिरावट की प्रमुख वजह मौजूदा वैश्विक सुस्ती है। कोविड-19 संकट की वजह से यह और बढ़ी है। इस महामारी की वजह से आपूर्ति श्रृंखला और मांग बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे बड़ी संख्या में ऑर्डर रद्द हुए हैं।'' समीक्षाधीन महीने में लौह अयस्क और फार्मास्युटिकल्स को छोड़कर शेष सभी 28 प्रमुख क्षेत्रों का निर्यात घटा है। रत्न एवं आभूषणों का निर्यात 98.74 प्रतिशत घटा। चमड़ा निर्यात में 93.28 प्रतिशत, पेट्रोलियम उत्पादों में 66.22 प्रतिशत और इंजीनियरिंग वस्तुओं के निर्यात में 64.76 प्रतिशत की गिरावट आई। इस दौरान रसायन निर्यात 42 प्रतिशत नीचे आ गया। 

यह भी पढ़ें-  बाबा रामदेव की पतंजलि ला रही ई-कॉमर्स प्लैटफॉर्म, फ्री होगी होम डिलीवर

अप्रैल में कच्चे तेल का आयात 4.66 अरब डॉलर रहा, जो इससे पिछले साल इसी महीने की तुलना में 59.03 प्रतिशत कम है। समीक्षाधीन महीने में सभी प्रमुख आयात क्षेत्रों मसलन सोना, चांदी, परिवहन उपकरण, कोयला, उर्वरक, मशीन और मशीन उपकरणों के आयात में गिरावट आई। इस दौरान गैर-तेल आयात 58.5 प्रतिशत घटकर 12.46 अरब डॉलर रहा। सोने का आयात 28.3 करोड़ डॉलर रहा, जो एक साल पहले समान महीने में चार अरब डॉलर था। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए राष्ट्रव्यापी बंद 25 मार्च से लागू है। इसके चलते औद्योगिक इकाइयां बंद हैं और वस्तुओं की आवाजाही नहीं हो पा रही है।

jyoti choudhary

Advertising