चलन से हटाए गए नोटों की सही संख्या से RBI अंजान

Saturday, Jan 21, 2017 - 04:36 PM (IST)

नई दिल्ली: नोटबंदी को 2 महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है। इतने दिन बीत जाने के बाद आर.बी.आई. ने संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के समक्ष लिखित में कहा है कि उसे चलन से हटाए गए नोटों की सही संख्या के बारे में अभी तक जानकारी नहीं है। उसने यह भी कहा है कि वह नोटबंदी के बाद बैंकों में जमा कराए गए पुराने नोटों के आंकड़ों का अभी भी मिलान हो रहा है।

8 नवंबर को इतने पुराने नोट थे चलन में
बता दें कि वित्त राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दो दिसंबर को संसद को लिखित जवाब में बताया था कि 8 नवंबर को कुल 15.44 लाख करोड़ रुपए के 500 और 1000 के नोट चलन में थे। इनमें 1,716.5 करोड़ 500 के नोट तथा 685.8 करोड़ 1000 के नोट हैं।

नोटों का आंकड़ा हो रहा है तैयार
सूत्रों के अनुसार रिजर्व बैंक को कहा गया है कि वह 8 नवंबर के बाद बैंकों में जमा कराए गए पुराने नोटों का आंकड़ा तैयार करें। अपने जवाब में रिजर्व बैंक ने कहा कि 50 दिन की नोटबंदी की अवधि में हजारों बैंक शाखाओं तथा डाक घरों में पुराने नोटों को बदला गया और जमा किया गया। इन नोटों को 4,000 करेंसी चेस्ट में जमा कराया गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि इन नोटों के आंकड़ों को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है। 

Advertising