जल्द आएगा 20 रुपए का नया नोट, जानें क्या होगी खासियत

Saturday, Apr 27, 2019 - 12:44 PM (IST)

मुंबईः भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को ऐलान किया है कि भारत में जल्द 20 रुपए का नया नोट आने वाला है। इस नोट पर आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास के हस्ताक्षर होंगे। बता दें कि ये नोट भी महात्मा गांधी की नई सीरिज के ही होंगे। आइए जानते हैं कि पुराने नोटों की तुलना में इस नोट में क्या बदलाव किए गए हैं। 

आरबीआई ने 20 रुपए के नए नोट की एक तस्वीर जारी की है और अधिसूचना जारी करते हुए कहा है कि इस नोट का रंग हरापन लिए हुए पीला होगा। इसके साथ ही आपको बता दें कि नोट के पीछे एलोरा की गुफाओं का चित्रण किया गया है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। कई लोग सोच रहे होंगे कि नए नोट आने से पुराने नोट कहीं बंद तो नहीं हो जाएंगे। आइए जानते हैं कि नए 20 रुपए के नोट आने के बाद पुराने नोटों का क्या होगा।

आरबीआई द्वारा जारी की गई अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि नए नोट के जारी होने के बाद भी पुराने नोट चलन में बने रहेंगे यानी पुराने नोटों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आरबीआई द्वारा पेश किए गए 20 रुपए के इस नए नोट के आगे के हिस्से पर महात्मा गांधी का चित्रण बीच में है और इसी तरफ नोट का मूल्य हिंदी और अंग्रेजी के अंकों में लिखा होगा।

नोट के पिछले हिस्से पर वर्ष के साथ स्वच्छ भारत का लोगो और स्लोगन लोखा होगा। 20 रुपए के नए नोट के आकार की बात करें, तो ये 63 मिमी चौड़ा होगा और 129 मिमी लंबा होगा। इसके अतिरिक्त नोट के पिछले हिस्से पर भाषा की पट्टी भी होगी। इस नोट की सुरक्षा पट्टी पर भारत और आरबीआई लिखा होगा। वहीं आगे के हिस्से पर अशोक स्तंभ भी बना होगा। 

Yaspal

Advertising