कर विवाद के लिए बहुर्राष्ट्रीय कंपनियां भी जिम्मेदार: राजन

Friday, Feb 05, 2016 - 12:14 PM (IST)

मुंबई: कर विवादों के लिए बहुर्राष्ट्रीय कंपनियों को भी जिम्मेदार ठहराते हुए रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन ने कहा कि उनमें कर से बचने और कर चोरी की प्रवृत्ति होती है जिसके कारण कानूनी विवाद बढ़ता है।   

 

कर चोरों के पनाहगाह के मुद्दे को संबोधित करते हुए राजन ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि आखिर क्या कारण है कि भारी मात्रा में बौद्धिक संपदा केमैन आईलैंड में हैं। उन्होंने तपाक से कहा कि किसी ने भी यह नहीं देखा है कि इतनी बड़ी संख्या में वैज्ञानिक इस कैरेबियाई द्वीप पर हैं। यहां ''स्टेंथनिंग द फ्री इंटरप्राइज इन इंडिया'' विषय पर 13वें नानी पालखीवाला व्याख्यान में उन्होंने कहा, "कभी-कभी सरकार की तरफ से ज्यादिती होती है लेकिन वे अकेले नहीं हैं जो ज्यादिती करती हैं।"

 

राजन ने कहा, ‘‘बहुर्राष्ट्रीय कंपनियां हमेशा अत्यधिक कर की मांग की शिकायत करती हैं लेकिन यह भी सही है कि दुनिया भर में बहुर्राष्ट्रीय कंपनियां कर देने से बचने तथा कभी-कभी कर चोरी की उनकी प्रवृत्ति होती है, इसीलिए सरकारों एवं बहुर्राष्ट्रीय कंपनियों के बीच लड़ाई होती है।" उन्होंने कहा कि देश में कराधान के मामले में चीजें सकारात्मक हैं और सही दिशा में हैं। 

Advertising