RBI ने जारी किया 200 रुपए का नोट, खास हैं सुरक्षा फीचर्स

Friday, Aug 25, 2017 - 03:56 PM (IST)

नई दिल्लीः रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने आज 200 रुपए का नया नोट जारी कर दिया है। नोटबंदी के बाद 500 और 2000 के नोट जारी किए गए थे इसके बाद सरकार और रिजर्व बैंक द्वारा जारी किया जाने वाला यह तीसरा नया नोट है। इस 200 रुपए के नोट को भी 500 और 2000 के नोटों की तरह की नए डिजाइन और आकार में बनाया गया है।

50 रुपए का नया नोट भी जारी
इसे जारी करने को लेकर सरकार और रिजर्व बैंक का तर्क है कि इसकी मदद से खुल्ले पैसे की दिक्कत कम होगी। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को ही इसे जारी करने को लेकर अधिसूचना जारी की थी वहीं रिजर्व बैंक ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी कि नोट शुक्रवार को जारी होगा। जानकारी के अनुसार बैंकों से लोगों को 50 रुपए का नया नोट भी मिल रहा है।

खास बातें
रिजर्व बैंक के बयान के अनुसार यह नोट ऑरेंज शेड में होगा जिस पर गवर्नर उर्जित पटेल के हस्ताक्षर होंगे। नोट का आकार 66 mm X146 mm होगा। इसके पीछे की तरफ सांची स्तूप की छवि नजर आएगी। नोट का मुख्य रंग हल्का पीला होगा जिसमें और भी चीजें जैसे इसकी डिजाईन, पैटर्न और कलर स्कीम नजर आएंगे। सामने की तरफ से देखने पर इसमें आर-पार नजर आने वाला 200 लिखा नजर आएगा। नए 200 अंक की तस्वीर भी दिखाई देगी। नोट के बीच में महात्मा गांधी की तस्वीर होगी। छोटे अक्षरों में RBI, भारत, 200 लिखा होगा। नोट में लगे सुरक्षा धागे में इंडिया और भारत लिखा होगा। इस धागे का रंग हरे से नीले में बदलेगा। नोट के राइट साइड में अशोक स्तंभ नजर आएगा। नोट के पीछे की तरफ नोट के छपने की तारीख और स्वच्छ भारत अभियान का लोगो होगा।

Advertising