RBI ने 2022-23 में मुद्रास्फीति 5.7% रहने का अनुमान लगाया

Friday, Apr 08, 2022 - 05:45 PM (IST)

मुंबईः भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2022-23 के लिए खुदरा मुद्रास्फीति के अपने अनुमान में परिवर्तन कर 5.7 प्रतिशत कर दिया है। केंद्रीय बैंक ने भूराजनीतिक तनाव और तेल एवं अन्य जिंसों की कीमतों के उछाल के कारण महंगाई दर के अनुमान को संशोधित किया है। 

दास ने कहा, ‘‘वर्ष 2022 में मॉनसून सामान्य रहने और कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर रहने की मान्यता के आधार पर वर्ष 2022-23 में मुद्रास्फीति 5.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में मुद्रास्फीति 6.3 प्रतिशत, दूसरी तिमाही में 5.8 प्रतिशत, तीसरी में 5.4 प्रतिशत और चौथी में 5.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है।'' 

आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने नए वित्त वर्ष के दौरान मौद्रिक नीति की पहली समीक्षा की जानकारी देते हुए कहा कि फरवरी (यूक्रेन पर रूस के हमले) से पैदा हालात के बाद पैदा हुए भूराजनीतिक तनाव के चलते मुद्रास्फीति का परिद्दश्य काफी गंभीर हो गया है। उन्होंने कहा कि फरवरी के अंत से कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उछाल से मुद्रास्फीति पर सीधा और आड़ा असर पड़ने का खतरा बढ़ गया है। 
 

jyoti choudhary

Advertising