यस बैंक पर भारी पड़ा RBI का फैसला, एक झटके में निवेशकों के डूबे 25 हजार करोड़
Friday, Sep 21, 2018 - 11:47 AM (IST)
नई दिल्लीः शुक्रवार को बाजार खुलते ही यस बैंक के शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है। यस बैंक का शेयर 34 फीसदी टूट गया। भारतीय रिजर्व बैंक ने यस बैंक के सीईओ राणा कपूर का कार्यकाल घटाकर सिर्फ 4 महीने का कर दिया है। आरबीआई ने उन्हें 31 जनवरी, 2019 तक पद पर बने रहने की अनुमति दी है।
निवेशकों के डूबे 25 हजार करोड़
राणा कपूर के कार्यकाल घटने के बाद ब्रोकरेज हाउसेज ने यस बैंक शेयर डाउग्रेड करने के साथ टारगेट प्राइस घटा दिया है। इससे शुक्रवार के कारोबार में यस बैंक के शेयर में भारी गिरावट आई। बीएसई पर शेयर 34 फीसदी टूटकर 210.10 रुपए के भाव पर आ गया। शेयर में गिरावट से मिनटों में यस बैंक के निवेशकों के करीब 25 हजार करोड़ रुपए डूब गए। बुधवार को यस बैंक का मार्केट कैप 73,329 करोड़ रुपए था। जो आज 210.10 रुपए के लो लेवल पर 24,957.17 करोड़ रुपए घटकर 48371.83 करोड़ रुपए हो गया।
4 महीने में ढूंढना होगा नया सीईओ
आरबीआई ने यस बैंक से कहा है कि वह जनवरी, 2019 तक कपूर के उत्तराधिकारी की तलाश कर ले। कपूर 2004 में बैंक की स्थापना के बाद से उसके एमडी एंड सीईओ पद पर हैं। उन्होंने 31 अगस्त, 2021 तक 3 साल का सेवा विस्तार मांगा था। हालांकि, रिजर्व बैंक ने उनके इस आग्रह को नहीं माना।
इस साल जून में यस बैंक के शेयरधारकों ने बैंक के एमडी एंड सीईओ पद पर राणा कपूर को 3 साल के लिए पुन: नियुक्ति को मंजूरी दी थी। इस फैसले पर केन्द्रीय बैंक को अंतिम रूप से मुहर लगानी थी। कपूर का मौजूदा कार्यकाल 31 अगस्त को समाप्त हो गया है। रिजर्व बैंक ने 30 अगस्त को कपूर की बैंक के एमडी और सीईओ पद पर पुन: नियुक्ति को मंजूरी दे दी थी लेकिन उनके कार्यकाल की अवधि नहीं बताई थी।