एक तिहाई ATM बेकार, रिजर्व बैंक ने दी कारवाई की चेतावनी

Wednesday, May 25, 2016 - 11:27 AM (IST)

मुंबई: रिजर्व बैंक ने इस पर चिंता जताई है कि एक तिहाई से ज्यादा ए.टी.एम. काम नहीं करते हैं। केंद्रीय बैंक ने कहा है कि नियमों का पालन नहीं किया गया तो बैंकों के खिलाफ कारवाई की जाएगी। रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर एस.एस. मुंदड़ा ने रिजर्व बैंक की एक टीम द्वारा हाल में 4,000 ए.टी.एम. के सर्वे का हवाला देते हुए यह बात कही। 

 

टीम ने पाया कि एक तिहाई ए.टी.एम. काम करने की स्थिति में नहीं थे। विभिन्न बैंकों के ये ए.टी.एम. देश के विभिन्न हिस्सों में पाए गए। मुंद्रा ने कल एक बैंकिंग कार्यक्रम में कहा, ‘‘सर्वेक्षण के परिणाम संतोषजनक नहीं थे। एक तिहाई ए.टी.एम. सर्वे के समय काम करने की स्थिति में नहीं पाए गए।’’

 

रिजर्व बैंक की टीम द्वारा किए गए सर्वेक्षण में और भी कई खामियां पाई गई। इनमें प्रदर्शित की जाने वाली सामग्री, दिब्यांगों के लिए सुविधाएं तथा एेसे ही कई अन्य नियामकीय निर्देशों का भी उल्लंघन पाया गया। डिप्टी गवर्नर ने कहा कि जो भी खामियां पाई गई, ‘‘हम उनके बारे में जरूरी निरीक्षण कारवाई कर रहे हैं।’’  

 

उन्होंने कहा कि सरकार और रिजर्व बैंक ने वित्तीय समावेष को अपने शीर्ष कार्य एजेंडे में शामिल किया है और इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए ए.टी.एम. एक अहम हिस्सा है। इसके बावजूद यह पाया गया है कि बैंक इस मामले में नियामक द्वारा सुझाए गए अनुपालन स्तर को बरकरार नहीं रख रहे हैं। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार इस साल फरवरी में सार्वजनिक क्षेत्र और उनके नेतृत्व वाले 56 वाणिज्यिक बैंकों के कुल मिलाकर 1,00,671 शाखा के साथ और 96,656 शाखा से अलग नकदी उपलब्ध कराने वाली मशीनें थी। 

Advertising