रतन टाटा ने LIC के चेयरमैन से मुलाकात की

Friday, Oct 28, 2016 - 11:32 AM (IST)

मुंबई: टाटा समूह के अंतरिम चेयरमैन रतन टाटा ने आज एल.आई.सी. के कार्यवाहक चेयरमैन वी के शर्मा से मुलाकात की। एल.आई.सी. टाटा की कंपनियों में बड़े निवेशकों में से एक है। साइरस मिस्त्री को इस सप्ताह चेयरमैन के पद से हटाने के बाद टाटा समूह की कंपनियों के मूल्यों में गिरावट की बढ़ती चिंता के बीच यह मुलाकात हुई है। बाम्बे हाउस सूत्रों ने टाटा तथा शर्मा के बीच बैठक की पुष्टि की लेकिन उन्होंने दोनों के बीच बातचीत का ब्यौरा देने से मना कर दिया। टाटा समूह के अधिकारियों ने अन्य प्रमुख घरेलू ‘फंड हाउस’ से मुलाकात की। इस मुलाकात का मकसद देश के सबसे बड़े कारपोरेट समूह में नाटकीय घटनाक्रम के बाद निवेशकों की चिंता के बारे में आशंका को दूर करना था।

 

जीवन बीमा निगम (एल.आई.सी.) का टाटा समूह की विभिन्न कंपनियों में 37,500 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश है। मिस्त्री को अचानक से चेयरमैन पद से हटाए जाने तथा टाटा के पदभार अंतरिम तौर पर संभालने के बाद टाटा समूह की कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। इस बीच, कुछ मीडिया की रिपोटों के अनुसार टाटा समूह चाहता है कि मिस्त्री परिवार समूह से बाहर निकल जाए और कुछ सरकारी संपत्ति कोष सबसे बड़े गैर-टाटा परिवार निवेशक से समूह होल्डिंग कंपनी में हिस्सेदारी ले। मिस्त्री के परिवार की समूह में 18.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इस बारे में पूछे जाने पर सूत्रों ने कुछ भी कहने से मना कर दिया। इधर, टाटा स्टील की निवेशकों तथा विश्लेषकों के साथ लंबी बैठक हुई। प्रवक्ता ने बैठक की पुष्टि की लेकिन चर्चा की बातों को नहीं बताया।

Advertising