मेरी व्यक्ति छवि खराब करने का प्रयास किया गया: टाटा

Saturday, Dec 31, 2016 - 01:20 PM (IST)

नई दिल्लीः टाटा समूह में नियंत्रण को लेकर जारी खींचतान के बीच समूह के अंतरिम चेयरमैन रतन टाटा ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत छवि धूमिल करने के लिए बेबुनियाद आरोपों के जरिए ‘सोचे समझे व नियोजित’ प्रयास किए गए। किसी का नाम लिए बिना ही टाटा ने कहा कि (टाटा) समूह की नीतियों और मूल्यों को ‘उन लोगों ने चुनौती दी जिनकी कथनी और करनी में बड़ा फर्क है।’  

उल्लेखनीय है कि 24 अक्तूबर को साइरस पी मिस्त्री को अचानक टाटा संस के चेयरमैन पद से हटा दिया गया। उनकी जगह रतन टाटा को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इसके बाद से टाटा व मिस्त्री खेमे में खींचतान और आरोप प्रत्यारोप चल रहे हैं।  रतन टाटा ने कर्मचारियों से कहा कि वे पिछले महीनों के दौरान घटी घटनाओं को भूलकर वह टाटा समूह को फिर से अग्रणी भूमिका में स्थापित करने में जुट जायें।  टाटा ने कर्मचारियों को लिखा है, 'पिछले 3 महीने परेशानी भरे रहे, व्यर्थ गए। इस दौरान व्यक्तिगत साख व टाटा समूह की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए बेुनियाद आरोपों के जरिए जान बूझकर नियोजित कोशिशें की गईं।'

नववर्ष पर कंपनी कर्मचारियों को अपने संदेश में टाटा ने इस सारे मामले में समूह कर्मचारियों से मिले ‘अभूतपूर्व’ सहयोग को भी रेखांकित किया है। इसमें उन्होंने लिखा, 'समूह व इसके नेतृत्व के मूल्य व नैतिक मानदंड बीती डेढ सदी में बने और मजबूत हुए हैं जिन्हें एेसे लोगों ने चुनौती दी जिनकी कथनी-करनी में बड़ा फर्क है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की है कि नए साल में वे बीती सारी बातों व घटनाओं को भुलाकर टाटा समूह को फिर से अग्रणी भूमिका में स्थापित करने में जुट जाएं।

Advertising