कृषि मंत्री ने पुरस्कार के लिए चुने गए किसानों की जानकारी नहीं रखने के लिए अधिकारियों को लताड़ा

Thursday, Aug 25, 2016 - 01:31 PM (IST)

नई दिल्ली: कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने देसी फसल किस्मों के संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों की जानकारी नहीं रखने के लिए अपने मंत्रालय के अधिकारियों की खिंचाई की।

आंध्र प्रदेश के मेडक जिले के किसान जग्गम्मा से संबंधित एक मीडिया रिपोर्ट का उदाहरण देते हुए मंत्री ने कहा कि इस किसान ने एक बीज बैंक की स्थापना की है और दूरदराज के क्षेत्र में 70 किस्मों को संरक्षित किया है।

उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि उनके मंत्रालय के अधिकारियों ने इस किसान की खोज खबर नहीं रखी।  यहां पौध जिनोम बचावकर्ता अवार्ड देते हुए सिंह ने कहा,  ''ये खबर आज प्रकाशित हुई है। मुझे नहीं लगता कि आपको इसकी जानकारी है। मैं आपकी सूचना के लिए आपको पढ़कर बताउंगा।''

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उन्हें मीडिया में प्रकाशित विकासक्रम के बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा,  ''जब आप अधिकारीगण जग्गम्मा जैसे लोगों की कहानियों से अनभिज्ञ हैं, तो आप कार्रवाई क्या करेंगे?''  सिंह ने अधिकारियों से चुस्ती के साथ तेजी से काम करने को कहा।

Advertising