रबी की बुआई घटकर हुआ 442.29 लाख हैक्टेयर

Saturday, Dec 09, 2017 - 11:07 AM (IST)

नई दिल्ली : चालू रबी सीजन में फसलों की बुआई पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में कम हुई है। पिछले वर्ष इस दौरान 448.48 लाख हैक्टेयर में रबी फसलों की बुआई हुई थी जो चालू सीजन में आज तक घटकर 442.29 लाख हैक्टेयर रह गई है। कृषि मंत्रालय ने राज्यों से प्राप्त आरंभिक बुआई के आंकड़ों के आधार पर यह जानकारी दी है। उसने कहा कि वर्तमान सीजन में 190.87 लाख हैक्टेयर में गेहूं की बुआई की गई है जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह रकबा 203.56 लाख हैक्टेयर रहा था। तिलहन की बुआई भी इस अवधि में पिछले वर्ष के 72.16 लाख हैक्टेयर की तुलना में घटकर 67.79 लाख हैक्टेयर पर आ गई है।

धान की रुपाई चालू सीजन में 11.87 लाख हैक्टेयर रही है जबकि पिछले वर्ष यह 8.98 लाख हैक्टेयर रही थी। बयान के अनुसार, दलहन के रकबे में बढ़ौतरी हुई है। पिछले वर्ष 8 दिसम्बर तक 119.73 लाख हैक्टेयर में इसकी बुआई हुई थी जो चालू सीजन में बढ़कर 127.62 लाख हैक्टेयर पर पहुंच गई है। मोटे अनाज की 44.14 लाख हैक्टेयर में बुआई की गई जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 44.05 लाख हैक्टेयर रहा था। 

Advertising