कपास: पंजाब, हरियाणा में बुआई 27 प्रतिशत कम

Tuesday, Jun 28, 2016 - 12:20 PM (IST)

नई दिल्ली: पंजाब और हरियाणा में फसल वर्ष 2016-17 के दौरान कपास की खेती का क्षेत्रफल इससे पिछले साल से 27 प्रतिशत कम है। इन दोनों राज्यों में कपास किसानों को पिछले साल फसल पर कीटों (व्हाइट फ्लाई : सफेद मक्खी) के प्रकोप से भारी नुक्सान हुआ था। इन दोनों राज्यों में 2015-16 (जुलाई-जून) के दौरान 10.3 लाख हैक्टेयर कपास बोया गया था।

 

कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘पंजाब और हरियाणा में कपास की बुवाई पूरी हो गई है। कुल क्षेत्रफल घटा है क्योंकि किसान पिछले वर्ष के कीट के प्रकोप से आतंकित हैं।’’ इन राज्यों में कपास किसानों को सलाह दी गई थी कि वे कीट के प्रकोप से बचने के लिए 15 मई से पहले बुवाई कर लें लेकिन किसानों ने कपास की अच्छी कीमत के बावजूद इसकी बुवाई में इस बार ज्यादा उत्साह नहीं दिखाया है। इन राज्यों में किसान दलहन, धान और अन्य फसलों की खेती की ओर रुख कर रहे हैं।

 

पंजाब: पंजाब में वर्ष 2016-17 के दौरान कपास का क्षेत्रफल इस वर्ष 43.11 प्रतिशत घटकर 2.56 लाख हैक्टेयर तक सीमित है। पिछले वर्ष यह 4.5 लाख हैक्टेयर था।

 

हरियाणा: पड़ोसी राज्य हरियाणा में कपास का क्षेत्रफल इस वर्ष 14 प्रतिशत घटकर 5 लाख हैक्टेयर रह गया है जो वर्ष 2015-16 में 5.8 लाख हैक्टेयर था।

Advertising