7 दिन में प्रॉपर्टी टैक्स भरो, नहीं तो...

Sunday, Nov 29, 2015 - 12:38 PM (IST)

मोहालीः प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए नगर निगम अब सख्त हो गया है। रिहायशी और कॉमर्शियल संस्थानों के बाद अब निगम ने सरकारी संस्थानों और नामी प्राइवेट कंपनियों को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही उक्त संस्थानों को 7 दिन में अपना बनता टैक्स भरने की हिदायत दी है। टैक्स नहीं जमा करने पर निगम की ओर से उनकी संपत्ति को सील कर दिया जाएगा। इसके बाद नीलामी कर टैक्स की वसूली की जाएगी। 

जानकारी के मुताबिक जिन संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने साल 2013-14 का प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा है। इनमें पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड, शिक्षा विभाग पंजाब, ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग, पंजाब मंडी बोर्ड, फेज-11 गोल्फ क्लब, फिलिप्स जैसी नामी कंपनियां शामिल हैं। यह पहला मौका है जब एक साथ इतने सरकारी विभागों और कंपनियों को नोटिस दिए गए हैं। 

निगम के अधिकारियों का कहना है कि तय समय में टैक्स न जमा करवाने पर विभागों को सील कर दिया जाएगा। इसके बाद नीलामी कर टैक्स की वसूली की जाएगी। इससे पहले विभाग ने सितंबर में टैक्स की वसूली के लिए नोटिस जारी किए थे। गमाडा को छोड़कर किसी भी विभाग ने टैक्स जमा नहीं करवाया था। 

दूसरी तरफ पुलिस के विभिन्न दफ्तरों ने भी अब तक टैक्स नहीं भरा है। निगम उन्हें पहले ही डिफॉल्टर घोषित कर चुका है। डिप्टी मेयर मनजीत सेठी ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए निगम काफी सख्त है। सभी को बनता टैक्स चुकाना ही पड़ेगा।

3 करोड़ रुपए का बकाया
जानकारी के मुताबिक इन कंपनियों और सरकारी विभागों पर कुल 3 करोड़ रुपए का टैक्स बकाया है। इसे वसूलने के लिए निगम ने कार्रवाई करने की पूरी तैयारी कर ली है। निगम ने 7 दिन का समय दिया है।

नहीं कर सकेंगे बहानेबाजी 
निगम के अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों को नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है। उक्त लोगों के घरों के बाहर नोटिस लगाए जा रहे हैं। साथ ही नोटिस लगाने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी तक करवाई जा रही है। ताकि बाद में कोई किसी तरह की बहानेबाजी न करे कि उन्हें नोटिस नहीं मिला है।

Advertising