बेनामी संपत्ति पर कसेगा शिकंजा, पहचान के लिए सर्वे शुरू

Friday, Dec 30, 2016 - 11:16 AM (IST)

नई दिल्लीः बेनामी संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी प्रकार की प्रॉपर्टी की जानकारी हासिल करने के लिए प्रॉपर्टी का सर्वे कराया जा रहा है। इनमें वैसी प्रॉपर्टी भी शामिल हैं, जिनकी रजिस्ट्री नहीं हुई है और जिनका लेन-देन पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर किया गया है। 

प्रॉपर्टी धारकों को स्थानीय निकाय की तरफ से एक प्रॉपर्टी कार्ड दिया जा रहा है, जो ए.टी.एम. कार्ड की तरह है। इस कार्ड को यूनिक प्रॉपर्टी आईडेंटिफिकेशन कार्ड (यू.पी.आई.सी.) का नाम दिया गया है। इस कार्ड में प्रॉपर्टी धारकों की प्रॉपर्टी की समस्त जानकारी होगी और आने वाले समय में प्रॉपर्टी से संबंधित किसी भी प्रकार का लेन-देन प्रॉपर्टी कार्ड के माध्यम से होगा।

दिल्ली के साथ मध्य प्रदेश में भी प्रॉपर्टी के सर्वे का काम किया जा रहा है। नैशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काऊंसिल (नरेडको) के मुताबिक, प्रॉपर्टी के सर्वे का काम कई राज्यों में शुरू होने जा रहा है। कई राज्यों में यह काम आरंभ हो गया है। दिल्ली के कई इलाकों में नगर निगम की तरफ से यू.पी.आई.सी. जारी करने का काम शुरू हो गया है। यू.पी.आई.सी. जारी होने के बाद प्रॉपर्टी पर अपना दावा करने के लिए आपको यू.पी.आई.सी. का प्रदर्शन करना होगा। 

Advertising