कर्नाटक चुनाव के बाद फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

Monday, May 14, 2018 - 09:59 AM (IST)

नई दिल्लीः कर्नाटक चुनाव खत्म होने के तुरंत बाद तेल की कीमतों ने आम आदमी की जेब पर एक बार फिर बोझ डाल दिया है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 19 दिन बाद बदलाव किया गया है। दिल्ली में पेट्रोल 17 पैसे वहीं डीजल 21 पैसे महंगा हुआ है। बता दें कि 24 अप्रैल के बाद तेल कंपनियों ने पहली बार रेट में बदलाव किया है।

पेट्रोल का दाम
इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक सोमवार को दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल की कीमतों में 17 पैसे तथा कोलकाता और चेन्नई में 18 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के बाद आज सोमवार को दिल्ली में पेट्रोल का दाम 74.80 रुपए, कोलकाता में 77.50 रुपए, मुंबई में 82.65 रुपए और चेन्नई में 77.61 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

डीजल की नई कीमतें
डीजल की बात करें दिल्ली में इसकी कीमतों में 21 पैसे, कोलकाता में 5 पैसे तथा मुंबई और चेन्नई में 23 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में डीजल का दाम 66.14 रुपए हो गया है। अन्य शहरों की बात करें तो सोमवार को कोलकाता में डीजल का भाव 68.68 रुपए, मुंबई में 70.43 रुपए और चेन्नई में 69.79 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

कच्चे तेल की कीमतें उच्च स्तर पर
दूसरी ओर कच्चे तेल की कीमतें पहले ही तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। बैंक ऑफ अमेरिका कॉर्पोरेशन के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतें अगले साल 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। वेनेजुएला और ईरान में सप्लाइ में कमी आने के चलते यह समस्या पैदा हो सकती है। फिलहाल अंतर्राष्‍ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 77 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर चल रहा है। बैंक का कहना है कि 2019 की दूसरी तिमाही तक यह आंकड़ा 90 डॉलर प्रति बैरल तक हो सकता है। इसकी वजह वैश्विक स्तर पर उत्पादन में कमी की स्थिति है। 

Supreet Kaur

Advertising