जनता पर महंगाई की मार, सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर के दाम बढ़े

Tuesday, May 02, 2017 - 10:34 AM (IST)

नई दिल्ली: सब्सिडी वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का दाम दो रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ा दिया गया, जबकि राशन में बिकने वाला मिट्टी तेल 26 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। सरकार इन ईंधनों के दाम में छोटी-छोटी वृद्धि कर इन पर सब्सिडी समाप्त करने की योजना पर आगे बढ़ रही है। दिल्ली में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का दाम 1.87 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ाकर 442.77 रुपए प्रति सिलेंडर कर दिया गया। सार्वजनिक क्षेत्र की पैट्रोलियम कंपनियों ने यह जानकारी दी है।

तेल कंपनियों ने इससे पहले 1 अप्रैल को सब्सिडीशुदा गैस सिलेंडर का दाम 5.57 रुपए बढ़ाकर 440.90 रुपए प्रति (14.2 किलो) सिलेंडर किया था। गैस सिलेंडर के दाम में इससे पहले 1 फरवरी और 1 मार्च को कोई वृद्धि नहीं की गई थी, क्योंकि इस दौरान उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे थे।

1 अप्रैल को सिलेंडर के दाम घटाए
बिना-सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर के दाम में इससे पहले 1 अप्रैल को 14.50 रुपए प्रति सिलेंडर की कटौती की गई थी। राशन में मिलने वाले केरोसिन तेल का दाम 26 पैसे बढ़ा दिया गया है। मुंबई में अब एक लीटर केरोसिन 19.55 रुपए प्रति लीटर पर उपलब्ध होगा। सरकार केरोसिन में हर माह 25 पैसे तक की छोटी वृद्धि कर सब्सिडी समाप्त करने की योजना पर आगे बढ़ रही है। विमान ईंधन ए.टी.एफ. का दाम भी 0.4 प्रतिशत घटाकर 51,696 रुपए प्रति किलोलीटर कर दिया गया। इससे पहले 1 अप्रैल को इसमें 5.1 प्रतिशत कटौती की गई थी।

Advertising