चीनी पर आयात शुल्क बढ़ाने की पूरी तैयारी

Monday, Jul 03, 2017 - 03:10 PM (IST)

नई दिल्लीः केंद्र सरकार चीनी पर आयात शुल्क को बढ़ाकर 60 फीसदी करने पर विचार कर रही है। इसका मकसद चीनी के बढ़ते आयात पर अंकुश लगाना और घरेलू बाजार में कीमतों को गिरने से रोकना है। चीनी के दाम घटने से मिलें किसानों गन्ना मूल्य बकाया चुकाने की हैसियत में नहीं रह जाएंगी। फिलहाल विदेश से आने वाली चीनी पर 40 फीसदी आयात शुल्क वसूला जा रहा है। चालू मार्केटिंग वर्ष 2016-17 में उत्पादन घटने के अनुमान को देखते हुए सरकार ने अप्रैल में शून्य आयात शुल्क पर पांच लाख टन कच्ची चीनी विदेश से मंगाने की अनुमति दी थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी के दाम गिरे
यह चीनी पहले ही आयात की जा चुकी है। इसके अलावा तीन लाख टन चीनी 40 फीसदी के ऊंचे शुल्क के बावजूद ब्राजील से आयात की जा रही है। खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘हम चीनी की ग्लोबल कीमतों पर नजर रखे हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी के दाम गिर रहे हैं। कुछ आयातक 40 फीसदी आयात शुल्क के बावजूद विदेश से चीनी मंगाना चाह रहे हैं। इसलिए हम आयात शुल्क और बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।’ फिलहाल थोक बाजार में चीनी की कीमत 32 रुपए प्रति किलो के ऊपर बनी हुई है। सरकार ने चीनी उद्योग से भी कहा है कि ग्लोबल और घरेलू कीमतों के बीच अंतर को बनाए रखें, ताकि व्यापारियों को विदेश से आयात करने में खास फायदा नहीं दिखे। अगर विदेश से आपूर्ति बढ़ेगी, तो घरेलू बाजार में चीनी कीमतें दबाव में आ जाएंगी।

Advertising