PNB का चौथी तिमाही का मुनाफा 14% बढ़कर 5,225 करोड़ रुपए
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 01:47 PM (IST)
नई दिल्लीः सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में मुनाफा सालाना आधार पर 14.4 प्रतिशत बढ़कर 5,225 करोड़ रुपए हो गया। ऋणदाता का इससे गत वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 4,567 करोड़ रुपए रहा था। पीएनबी ने शेयर बाजार को मंगलवार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की कुल आय हालांकि घटकर 36,319 करोड़ रुपए रह गई जो एक वर्ष पहले 36,705 करोड़ रुपए थी। ब्याज आय बढ़कर 31,989 करोड़ रुपए से बढ़कर 32,157 करोड़ रुपए हो गई।
संपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर, बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) सकल अग्रिमों की 2.95 प्रतिशत रहीं जो मार्च 2025 के अंत में 3.95 प्रतिशत थीं। इसी तरह, शुद्ध एनपीए 0.4 प्रतिशत से घटकर 0.29 प्रतिशत हो गए। बैंक के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर तीन रुपए के लाभांश की भी सिफारिश की है। यह बैंक की आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।
