रात की जगह, सुबह 6 बजे बदलेंगे पैट्रोल और डीजल के दाम

Thursday, Jun 15, 2017 - 12:54 PM (IST)

नई दिल्ली: पेट्रोलियम कंपनियों के रोज पैट्रोल-डीजल के दाम बदलने के प्रस्ताव के विरोध में डीलरों द्वारा हड़ताल वापस ले ली गई है, इसके साथ ही शुक्रवार (16 जून) से पैट्रोल -डीजल की कीमतों में रोज बदलाव का रास्ता साफ हो गया है। 

डीलरों ने मान ली है मांग 
सरकार ने डीलरों की यह मांग मान ली है कि कीमतों की घोषणा आधी रात को करने के बजाए सुबह छह बजे की जाए। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि डीलर नए समय और देशव्यापी पैट्रोल  और डीजल की कीमतों में संशोधन 16 जून से करने पर राजी हो गए हैं। वर्तमान में, सरकारी तेल विपणन कंपनियां (ओ.एम.सी.) वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर खुदरा ईंधन के मूल्य की हर पखवाड़े समीक्षा करती हैं और उसे संशोधित करती हैं, इसके बाद मध्यरात्रि से संशोधन प्रभावी होता है।

इसलिए सुबह बदलेंगी कीमतें
डीलरों का कहना था कि रोज रात में कीमतें बदले के लिए उन्हें अलग से रात में आदमी लगाने पड़ेंगे, इसलिए इसे सुबह से किया जाए। प्रधान ने कहा, 'कुछ व्यावहारिक कठिनाइयां थीं, जो हमने आज सभी तीन पेट्रोलियम डीलरों एसोसिएशन के नेतृत्व के साथ बैठक के दौरान हल कर ली है। दैनिक कीमतें सुबह छह बजे बदली जाएंगी।' फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया पेट्रोलियम ट्रेडर्स (एफ.ए.आई.पी.टी.) के अध्यक्ष अशोक बुधवार ने कहा कि वे शुक्रवार को बंद का आह्वान वापस ले रहे हैं, क्योंकि सरकार ने सार्वजनिक हित में दैनिक मूल्य संशोधन का निर्णय लिया है।

Advertising