RBI के फैसले के बाद धड़ाम हुआ Paytm का शेयर, 8% की आई गिरावट
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 11:09 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा लिए गए फैसले के बाद One 97 Communications यानी Paytm के शेयरों में सोमवार को भारी गिरावट देखी गई। शुरुआती कारोबार में कंपनी का शेयर गिरकर करीब ₹1,077 तक आ गया, जो दिन के निचले स्तर से लगभग 8% नीचे था।
यह गिरावट तब आई जब RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक (Paytm Payments Bank) का लाइसेंस रद्द कर दिया। इस फैसले के बाद बैंक के दोबारा शुरू होने की सभी संभावनाएं खत्म हो गई हैं।
दरअसल, पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर जनवरी 2024 से ही सख्त पाबंदियां लागू थीं। पहले बैंक को नए डिपॉजिट लेने से रोका गया था और धीरे-धीरे उसे अपना काम बंद करना पड़ रहा था। अब लाइसेंस रद्द होने के बाद बैंक पूरी तरह से बैंकिंग सेवाएं देने में असमर्थ हो गया है।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि इस फैसले का उसकी निकट भविष्य की कमाई पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि पेमेंट्स बैंक का काम पहले ही लगभग बंद हो चुका था। साथ ही, कंपनी ने अपने ऑपरेशंस को पार्टनर-आधारित मॉडल में बदल दिया है।
Goldman Sachs की राय
एक रिपोर्ट के मुताबिक, Goldman Sachs ने Paytm पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है। हालांकि, उसने टारगेट प्राइस ₹1,470 से घटाकर ₹1,400 कर दिया है। इसके बावजूद मौजूदा कीमत के मुकाबले इसमें करीब 31% की बढ़त की संभावना बताई गई है।
ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि RBI का यह फैसला एक नकारात्मक घटना जरूर है लेकिन इसका कंपनी की वित्तीय स्थिति पर सीधा असर नहीं पड़ेगा। सबसे बड़ा जोखिम ग्राहकों और व्यापारियों के भरोसे पर पड़ने वाला असर है।
Goldman Sachs ने यह भी कहा कि भले ही निकट भविष्य में शेयर पर दबाव बना रह सकता है लेकिन Paytm का मुख्य कारोबार अभी भी मजबूत बना हुआ है।
