महाराष्ट्र में घबराहट में खरीदारी से मई में पेट्रोल-डीजल बिक्री 20% बढ़ी
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 04:27 PM (IST)
मुंबईः पश्चिम एशिया संकट के कारण ईंधन आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच घबराहट में की गई खरीदारी के कारण महाराष्ट्र में मई के पहले पखवाड़े में पेट्रोल और डीजल की बिक्री में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। राज्य सरकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के बयान के अनुसार, मई 2026 के पहले पखवाड़े में राज्य में डीजल की बिक्री में 19.66 प्रतिशत और पेट्रोल की बिक्री में 20.39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। विभाग ने कहा कि घबराहट में ईंधन खरीदने की प्रवृत्ति के कारण राज्यभर में बिक्री बढ़ी।
हालांकि, मांग में अस्थायी उछाल के बावजूद ईंधन आपूर्ति निर्बाध रही और पूरी मांग को पूरा किया गया। हालांकि विभाग ने इस अवधि के दौरान राज्यव्यापी वास्तविक बिक्री के आंकड़े साझा नहीं किए और केवल पेट्रोल एवं डीजल की खपत में प्रतिशत वृद्धि की जानकारी दी। विभाग के अनुसार, केवल 19 मई को महाराष्ट्र में डीजल की बिक्री औसत दैनिक बिक्री की तुलना में 42 प्रतिशत और पेट्रोल की बिक्री 21 प्रतिशत बढ़ गई। इस दौरान अकोला, छत्रपति संभाजीनगर, बीड, बुलढाणा, हिंगोली, जलगांव, जालना, लातूर, धाराशिव, परभणी और वाशिम जिलों में असामान्य रूप से भारी मांग देखी गई। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पेट्रोल बिक्री में सबसे अधिक वृद्धि वाशिम में दर्ज की गई, जहां बिक्री औसत दैनिक खपत से 42 प्रतिशत अधिक रही।
इसके बाद जलगांव में 40 प्रतिशत, अकोला में 28 प्रतिशत तथा छत्रपति संभाजीनगर और बीड में 27-27 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। धाराशिव में पेट्रोल बिक्री में 19 प्रतिशत, बुलढाणा में 18 प्रतिशत, हिंगोली में 16 प्रतिशत तथा जालना और परभणी में 13-13 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई, जबकि लातूर में सबसे कम पांच प्रतिशत वृद्धि हुई। डीजल बिक्री के मामले में अकोला में औसत दैनिक बिक्री की तुलना में 111 प्रतिशत की सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद वाशिम में 109 प्रतिशत वृद्धि हुई। जलगांव में डीजल बिक्री 72 प्रतिशत, बीड में 63 प्रतिशत, लातूर और धाराशिव में 50-50 प्रतिशत, छत्रपति संभाजीनगर में 49 प्रतिशत, हिंगोली में 46 प्रतिशत, जालना में 43 प्रतिशत, बुलढाणा में 41 प्रतिशत और परभणी में 24 प्रतिशत बढ़ी।
विभाग ने कहा कि पश्चिम एशिया में वैश्विक तनाव के कारण संभावित आपूर्ति व्यवधान की अटकलों के कारण घबराहट में ईंधन खरीदने से बिक्री में यह वृद्धि हुई। विभाग ने लोगों से अनावश्यक खरीदारी और जमाखोरी से बचने की अपील करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है।
