ITR भरने की आखिरी तारीख आज, 5.5 करोड़ से ज्यादा रिटर्न हुए दाखिल

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 04:13 PM (IST)

नई दिल्ली (एजेंसी): आयकर विभाग (Income Tax Department) ने शुक्रवार को कहा कि आकलन वर्ष 2026-27 के लिए 5.5 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल किए जा चुके हैं। इनमें से 42 लाख से अधिक रिटर्न केवल 30 जुलाई को ही दाखिल किए गए। आकलन वर्ष 2026-27 के लिए आईटीआर-1 और आईटीआर-2 दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 है। 

आईटीआर फॉर्म-1 (सहज) एक सरल फॉर्म है, जो बड़ी संख्या में छोटे और मध्यम करदाताओं की जरूरतों को पूरा करता है। 'सहज' फॉर्म 50 लाख रुपए तक की वार्षिक आय वाले निवासी व्यक्ति द्वारा दाखिल किया जा सकता है, जिनकी आय वेतन, एक मकान और प्रति वर्ष 5,000 रुपए तक की कृषि आय से होती है। 

आईटीआर-2 उन व्यक्तियों और हिंदू अविभाजित परिवारों (एचयूएफ) द्वारा दाखिल किया जाता है, जिनकी आय व्यवसाय या पेशे के लाभ से नहीं होती, बल्कि पूंजीगत लाभ से होती है। आयकर विभाग ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''24 घंटे से भी कम समय बचा है। आकलन वर्ष 2026-27 के लिए 5.5 करोड़ से अधिक आईटीआर पहले ही दाखिल किए जा चुके हैं। अकेले 30 जुलाई को 42 लाख से अधिक रिटर्न दाखिल किए गए।'' 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News