ONGC-HPCL मर्जर पर आज फैसला कर सकता है मंत्रिमंडल

Wednesday, Jul 19, 2017 - 10:18 AM (IST)

नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्रिमंडल सरकार की हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन (एच.पी.सी.एल.) में 51.11 प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओ.एन.जी.सी.) को करने के प्रस्ताव पर कल विचार कर सकता है। यह सौदा करीब 28,000 करोड़ रुपए का बैठेगा। एक सूत्र ने आज यह जानकारी दी।

सूत्र ने कहा कि वित्त मंत्रालय के तहत निवेश एवं सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) ने मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति के विचार के लिए यह प्रस्ताव आगे बढ़ाया है। वित्त मंत्री अरुण जेतली ने अपने बजट भाषण में एकीकृत पेट्रोलियम कंपनी बनाने की घोषणा की थी। उसी के अनुरूप सरकार ने एच.पी.सी.एल. में अपनी समूची 51.11 प्रतिशत की हिस्सेदारी ओ.एन.जी.सी. को बेचने की योजना बनाई है। हालांकि, एच.पी.सी.एल. का ओ.एन.जी.सी. में विलय नहीं किया जाएगा। यह ओ.एन.जी.सी. की अनुषंगी के रूप में एक अलग इकाई के रूप में काम करेगी। 

Advertising