एन एस राजन ने इंडियन होटल्स के गैर-कार्यकारी निदेशक पद से इस्तीफा दिया

Tuesday, Nov 01, 2016 - 01:36 PM (IST)

नई दिल्ली: टाटा समूह के मानव संसाधन प्रमुख के पद से इस्तीफा देने के कुछ ही दिन बाद एन.एस. राजन ने अब समूह की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के गैर-कार्यकारी निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया।   

इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने कहा है,‘‘हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि डा. एन.एस. राजन ने 28 अक्तूबर 2016 से कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया।’’ राजन ने पिछले सप्ताह ही टाटा समूह के मानव संसाधन प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। राजन टाटा समूह की समूह कार्यकारी परिषद (जी.ई.सी.) के सदस्य थे। परिषद का गठन टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री ने किया था। परिषद को अब निरस्त कर दिया गया है।   

राजन को मई 2013 में कार्यकारी परिषद के बोर्ड में शामिल किया गया था। मिस्त्री ने इस परिषद का गठन समूह संचालन और रणनीतिक मदद देने के लिए किया था। हालांकि, पिछले सप्ताह मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाने के साथ ही समूह की इस कार्यकारी परिषद को भी समाप्त कर दिया गया।  

Advertising