बिड़ला परिवार में शोक, परिवार के सबसे वरिष्ठ सदस्य बसंत बिड़ला का हुआ निधन
punjabkesari.in Wednesday, Jul 03, 2019 - 06:26 PM (IST)

नई दिल्लीः देश के नामी उद्योगपति समूह बिड़ला परिवार के सबसे वरिष्ठ सदस्य और कुमार मंगलम बिड़ला के दादाजी बसंत कुमार बि़ड़ला का 98 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया। बसंत बिड़ला सेंचुरी टेक्सटाइल एंड इंडस्ट्रीज के चेयरमैन थे। उन्होंने लगभग 3 महीने पहले ही अपने ग्रुप की होल्डिंग कंपनी पिलानी इन्वेस्टमेंट एंड इंडस्ट्रीज कॉर्प के बोर्ड से हटने का ऐलान किया था। उनकी जगह कुमार मंगलम की मां राजश्री बिड़ला ने ली थी।
ग्रुप में ये कंपनियां थीं शामिल
गौरतलब है कि बसंत बिड़ला कोलकाता बेस्ड केसोराम इंडस्ट्रीज, जयश्री टी, सेंचुरी टेक्सटाइल्स और अन्य कई कंपनियों की अगुआई कर रहे थे। उनका जन्म वर्ष 1921 में हुआ था और वह उद्योगपति घनश्याम दास बिड़ला के छोटे बेटे थे। बसंत बिड़ला का विवाह एक्टिविस्ट और लेखक ब्रजलाल बियानी सरला से हुआ था। उनके एक पुत्र आदित्य बिड़ला और दो बेटियां जयश्री मोहता और मंजूश्री खेतान हैं। उनकी पत्नी का निधन पहले ही हो चुका है।
15 साल की उम्र में संभाल ली थी कमान
बसंत बिड़ला ने 15 साल की उम्र में व्यापार की कमान संभाल ली थी। वो उद्योगपति घनश्यामदास बिड़ला के सबसे छोटे बेटे थे। सबसे पहले वो केसोराम इंडस्ट्रीज के चेयरमैन बने थे। यहीं से उन्होंने कई व्यापार में अपना हाथ अजमाया और समूह को आगे ले जाने में सफल रहे।
जिन सेक्टर्स में उन्होंने समूह को नई ऊंचाई पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई उनमें कॉटन, विस्कॉस, पॉलिएस्टर, नायलॉन, रिफ्रेक्ट्री पेपर, शिपिंग, टायरकोर्ड, ट्रांसपेरेंट पेपर, सीमेंट, चाय, कॉफी, इलायची, केमिकल्स, प्लाईवुड, एमडीएफ बोर्ड शामिल हैं। 1995 में कुमार मंगलम बिड़ला के पिताजी आदित्य विक्रम बिड़ला का 1995 में निधन हो गया था। वो बसंत कुमार बिड़ला के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में दो बेटियां जयश्री मोहता और मंजूश्री खेतान हैं।