84 साल में Nissan मोटर्स ने बनाए 15 करोड़ वाहन

Wednesday, Sep 20, 2017 - 04:25 PM (IST)

नई दिल्लीः जापान की वाहन निर्माता कंपनी निसान मोटर्स कंपनी लिमिटेड ने 84 साल में 15 करोड़ वाहनों का निर्माण किया। निसान के लिए यह उपलब्धि इस मायने में बड़ी है कि उसे 10 करोड़ वाहनों के निर्माण में 73 साल का समय लगा लेकिन उसने शेष पांच करोड़ वाहन सिर्फ पिछले 11 साल में बनाए।

वर्ष 1933 में स्थापित निसान मोटर ने 1933 में 10 करोड़ वाहनों के निर्माण का आंकड़ा छुआ था। इस दौरान कंपनी का सबसे बड़ा बाजार जापान ही था, जहां उसने अपने 76.5 प्रतिशत वाहनों की बिक्री की थी। इसके बाद उसकी निर्माण गतिविधियां तेजी से बढ़ीं और उसने इसके लिए उसने जगह-जगह नये संयंत्र स्थापित किए। कंपनी की इस नयी नीति के कारण इसने बड़ी तेजी से अमरीका और चीन के बाजार में अपने पैर पसारे। निर्माण ढांचे में किए गए इस बदलाव से उसने पिछले मात्र 11 साल में पांच करोड़ वाहन बनाए।

जापान के अलावा निसान के 10.8 फीसदी वाहन अमरीका में, चीन में 7.9 प्रतिशत, मेक्सिको में 7.9 प्रतिशत, ब्रिटेन में 6.2 प्रतिशत और स्पेन में 2.4 प्रतिशत निर्मित होते हैं। इनके अलावा अन्य देशों में कंपनी के 5.8 फीसदी वाहनों का निर्माण होता है। भारत में कंपनी माइक्रा और सनी का निर्माण करती है। अपनी इस शानदार उपलब्धि के लिए कंपनी ने अपने कर्मचारियों, डीलर्स, आपूर्तिकर्ताओं और ग्राहकों को शुक्रिया अदा किया है। 

Advertising