बेहतर वेतन वाली नौकरियों से घटेगी गरीबी, निर्मला सीतारमण ने विश्व बैंक के सामने रखीं भारत की मांगें

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 10:43 PM (IST)

नई दिल्लीः वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रोजगार सृजन, उत्पादकता बढ़ाने और गरीबी कम करने के लिए निजी पूंजी जुटाने पर बृहस्पतिवार को जोर दिया। उन्होंने विश्व बैंक से प्रतिस्पर्धी दरों पर वित्तपोषण उपलब्ध कराने और उसके प्रशासन में विकासशील देशों की भूमिका मजबूत करने का भी आग्रह किया।

सीतारमण ने थाइलैंड के बैंकॉक में विश्व बैंक की विकास समिति के पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए कहा, "हम निजी पूंजी जुटाने और रोजगार सृजन पर लगातार दिए जा रहे ध्यान का स्वागत करते हैं। ऊर्जा बाजार में बढ़ते दबाव, व्यापार के विखंडन, जलवायु संबंधी चुनौतियों और तेजी से हो रहे प्रौद्योगिकी बदलावों के इस दौर में उत्पादकता बढ़ाने वाले और बेहतर वेतन वाले रोजगार गरीबी कम करने तथा समृद्धि को साझा करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।"

सीतारमण ने विश्व बैंक समूह के लिए छह प्राथमिकताएं बताईं। इनमें रोजगार के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना, विकास के एजेंडा के केंद्र में निजी क्षेत्र को रखना, किफायती वित्तपोषण सुनिश्चित करना, बाजार की खामियों को दूर करना, प्रशासन संबंधी संकेतकों की समीक्षा करना और विकासशील देशों की आवाज मजबूत करना शामिल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News