PNB फ्रॉड में नया खुलासा, बैंकों को लग सकता है 17,962 करोड़ का झटका

Monday, Feb 19, 2018 - 09:44 AM (IST)

नई दिल्लीः पंजाब नैशनल बैंक (पी.एन.बी.) में हुए घोटाले की वजह से भारतीय बैंकों को कम से कम 2.7 अरब डॉलर (17,962 करोड़ रुपए) का झटका लग सकता है। इंकम टैक्स डिपार्टमैंट ने यह अंदेशा जताया है। मार्च 2017 तक पी.एन.बी. ने 176.32 अरब रुपए की लोन गारंटी नीरव मोदी और उनके मामा मेहुल चोकसी के फेवर में दी थी। सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग ने अपने नोट में यह अंदेशा जताया है कि इस घोटाले के चलते भारतीय बैंकों को अनुमान से कहीं ज्यादा बड़ा नुक्सान उठाना पड़ सकता है। बुधवार को पी.एन.बी. में 11,400 करोड़ रुपए के फ्रॉड का खुलासा हुआ था, जिसमें हीरा कारोबारी नीरव मोदी और गीतांजलि ग्रुप के एम.डी. व चेयरमैन मेहुल चोकसी के खिलाफ मामले दर्ज हुए हैं।

LIC और म्यूचुअल फंड्स के डूबे 1700 करोड़ 
पी.एन.बी. में हुए घोटाले के चलते एल.आई.सी. सहित म्यूचुअल फंड कम्पनियों में निवेश करने वालों के करीब 1700 करोड़ रुपए डूब गए। भारतीय जीवन बीमा निगम (एल.आई.सी.) ने दिसम्बर 2017 में ही पी.एन.बी. में अपनी हिस्सेदारी को 1.41 प्रतिशत बढ़ाकर 13.93 प्रतिशत कर लिया था। यह हिस्सेदारी एल.आई.सी. ने क्वालीफाइड इंस्टीच्यूशनल प्लेसमैंट के रूप में ली थी। इस बढ़ी हिस्सेदारी के कारण एल.आई.सी. को पी.एन.बी. घोटाले में 1120 करोड़ रुपए का झटका लगा है। पी.एन.बी. में एल.आई.सी. सबसे बड़ा निवेशक है। एल.आई.सी. के अलावा निफ्टी पी.एस.यू. बैंक इंडैक्स में शामिल पी.एन.बी. में देश के 12 सरकारी बैंकों ने भी निवेश कर रखा है।

म्यूचुअल फंड कम्पनियों को भी चपत
पी.एन.बी. घोटाले से म्यूचुअल फंड कम्पनियों को तगड़ी चपत लगी है। देश की 42 म्यूचुअल फंड कम्पनियों ने कुल मिलाकर पी.एन.बी. में 8.1 हिस्सेदारी ले रखी है। इस प्रकार म्यूचुअल फंड निवेशकों को करीब 640 करोड़ रुपए का झटका लगा है। पी.एन.बी. में एच.डी.एफ.सी. आसैट मैनेजमैंट कम्पनी की ही 13 म्यूचुअल फंड स्कीम्स का 4.48 प्रतिशत का एक्सपोजर है। ये आंकड़े 31 जनवरी तक के हैं। इस लिहाज से सबसे ज्यादा नुक्सान एच.डी.एफ.सी. म्यूचुअल फंड के निवेशकों को हुआ है। इनका करीब 358 करोड़ रुपए डूब चुका है। बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड की स्कीम्स का पी.एन.बी. में 0.84 प्रतिशत एक्सपोजर है। इस प्रकार इन फंड हाऊस में निवेश करने वालों के निवेश की वैल्यू करीब 84 करोड़ रुपए कम हुई है। कोटक महिन्द्रा म्यूचुअल फंड का पी.एन.बी. में एक्सपोज 0.47 प्रतिशत है। ऐसे में इस फंड हाऊस में निवेशकों की वैल्यू भी करीब 47 करोड़ रुपए कम हुई है।

यूको बैंक को लगी 2636 करोड़ रुपए की चपत
पी.एन.बी. में हुए घोटाले से हुए नुक्सान की जद में यूको बैंक भी आ गया है। उसने खुलासा किया कि इसकी वजह से उसे करीब 2636 करोड़ रुपए की चपत लगी है। बैंक ने बताया कि पी.एन.बी. द्वारा जारी किए गए लैटर ऑफ  क्रैडिट के आधार पर यूको बैंक की हांगकांग ब्रांच एक्सपोर्ट डॉक्यूमैंट पर नैगोशिएट कर रही थी। इन लैटर ऑफ  क्रैडिट के आवेदकों में से कुछ कॉर्पोरेट क्लाइंट पी.एन.बी. के घोटाले से भी जुड़े हैं। बैंक की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इसकी वजह से इसमें कुल 411.82 मिलियन डॉलर (करीब 2636 करोड़ रुपए) की ट्रांजैक्शन हुई है और बैंक को पूरा विश्वास है कि उसे पी.एन.बी. से पमैंट मिल जाएगी। 
 

Advertising