1 महीने तक ATM से मिलेंगे सिर्फ 100 के नोट, करंसी की होगी किल्लत!

Saturday, Nov 12, 2016 - 12:54 PM (IST)

गाजियाबादः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 नवंबर से देश भर के ए.टी.एम. से रुपए निकालने की बात कही थी लेकिन ज्यादातर ए.टी.एम. बंद रहे। हालांकि कुछ ए.टी.एम. से लोगों को पैसे मिले लेकिन वह 100-100 रुपए के नोट थे। आर.बी.आई. की ओर से जारी हुए 500 रुपए के नए नोट का साइज पुराने नोट से बिल्कुल अलग है। ऐसे में उसे ए.टी.एम. में नहीं लगाया जा सकता है। वहीं, मशीन में 2000 रुपए के नोट का स्लॉट ही नहीं बना है। ऐसे में वह भी ए.टी.एम. से जल्द ही मिलना मुश्किल है। अनुमान है कि करीब 1 महीने तक लोगों को ए.टी.एम. से सिर्फ 100-100 के नोट ही मिल पाएंगे।

जानकारी के मुताबिक, ए.टी.एम. में मौजूद स्लॉट में 10 हजार नोट एक बार में सब्मिट किए जा सकते हैं। ऐसे में अगर एक खाते से सिर्फ 2000 रुपए (100 के 20 नोट) भी निकाले गए तो महज 500 लोगों को रकम मिलेगी। ए.टी.एम. जल्दी खाली हो जाएगा। अगर बैंक ने ए.टी.एम. में बार-बार रकम नहीं भरी तो करंसी की किल्लत बरकरार रहेगी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के उपप्रबंधक एस. के. शर्मा ने दावा किया है कि ए.टी.एम. में शनिवार तक 2000 और 500 के नए नोटों के हिसाब से सॉफ्टवेयर फीड कर दिया जाएगा। उसके बाद ए.टी.एम. से भी नए नोट मिलने लगेंगे। उन्होंने बताया कि नए नोट छोटे और पिछले नोटों की तुलना में काफी अलग हैं।

ऐसे में जर्मनी और जापान से मंगाया गया सॉफ्टवेयर ए.टी.एम. में लोड किया जाएगा। वहीं, कन्फिग्रेशन के बाद मशीन को चालू कर दिया जाएगा। शुक्रवार को सॉफ्टवेयर लोड न होने के कारण ए.टी.एम. से सिर्फ 100 रुपए के ही नोट निकले। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम तक एस.बी.आई. की गांधीनगर शाखा से करीब 24 लाख रुपए कस्टमर्स को दिए गए। इससे करीब 700 कस्टमर्स को सहूलियत हुई। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में करीब एक से डेढ़ लाख लोगों ने रुपए बदले हैं।

Advertising