मुकेश अंबानी की संपत्ति 50 अरब डॉलर के पार, बने तीसरे सबसे ज्यादा कमाई करने वाले व्यक्ति

Wednesday, Aug 29, 2018 - 01:29 PM (IST)

नई दिल्लीः घरेलू शेयर बाजार में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में लगातार बढ़ोत्तरी का सिलसिला जारी है। इस बढ़ोत्तरी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज को 8 लाख करोड़ के मार्केट कैप वाली देश की पहली कंपनी बना दी है। कंपनी के शेयरों मे बढ़त का फायदा मुकेश अंबानी को भी मिला है। उनकी दौलत 50 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर गई है और पूरे एशिया में इस आंकड़ों को पार करने वाले वह एकमात्र व्यक्ति हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर बढ़ने से मुकेश को फायदा
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक मुकेश अंबानी की कुल दौलत 50.7 अरब डॉलर (3.55 लाख करोड़ रुपए) हो गई है। दरअसल रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में लगातार रैली जारी है। इसकी बदौलत कंपनी के साथ ही मुकेश की दौलत भी बढ़ी है। 

इस साल 20% से ज्यादा बढ़ी मुकेश की संपत्ति
मुकेश अंबानी की संपत्ति में हुई बढ़ोतरी की वजह से वह दुनिया के धनी लोगों की लिस्ट में 11वें स्थान पर बने हुए हैं। इस तरह वह अमेरिकी बिजनेसमैन और ओरेकल कॉरपोरेशन के प्रमुख लैरी एलिसन से सिर्फ एक कदम पीछे हैं। 2018 में अबतक यानि 8 महीने में मुकेश की संपत्ति में 10.4 अरब डॉलर यानि 20 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। दुनिया के सबसे धनी लोगों ने 2018 में जो कमाई करी है उसमें मुकेश अंबानी तीसरे सबसे ज्यादा कमाने वाले व्यक्ति हैं।

जैक मा को छोड़ा पीछे
मुकेश अंबानी पहले ही अलीबाबा फाउंडर जैक मा को पीछे छोड़ चुके हैं। मुकेश अब न सिर्फ एश‍िया के सबसे अमीर शख्स हैं, बल्क‍ि वह जल्द ही टॉप 10 में भी शामिल हो सकते हैं। लिस्ट में मुकेश अंबानी ने वॉलमार्ट प्रमुख जिम वॉल्टन, रोब वॉल्टन, एलि‍स वॉल्टन को पीछे छोड़ दिया है। मुकेश अंबानी के बाद 12वें पायदान पर फ्रांसुआ बेटनकोर्ट मेयर्स शामिल हैं। वह फ्रांस की अरबपति कारोबारी हैं।

इस लिस्ट में कभी एश‍िया के सबसे अमीर शख्स रहे जैक मा अब 18वें पायदान पर काबिजु हुए हैं। उनकी कुल दौलत 42.3 अरब डॉलर पर है। बता दें कि जैक मा अलीबाबा ग्रुप के फाउंडर हैं।

jyoti choudhary

Advertising