वॉरेन बफेट को पीछे छोड़ दुनिया के सातवें सबसे अमीर व्यक्ति बने मुकेश अंबानी

Saturday, Jul 11, 2020 - 05:44 AM (IST)

नई दिल्लीः एशिया के सबसे अमीर रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी ने अपनी जिदंगी में शुक्रवार को एक नया अध्याय जोड़ते हुए विश्व का सातवां सबसे बड़ा धनकुबेर का तमगा हासिल किया। फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर रैंकिंग्स के अनुसार अंबानी ने बकर्शायर हैथवे के वॉरेन बफेट, गूगल के लैरी पेज और सर्जी ब्रिन को पीछे छोड़ दिया है। विश्व के सबसे 10 अमीरों की सूची में शामिल अंबानी एशिया से एकमात्र व्यक्ति हैं। 

फोर्ब्स के अनुसार अंबानी की कुल संपत्ति 70 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। बीस दिन पहले 20 जून को अंबानी नौवें स्थान पर थे। इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में रिकार्ड तोड़ तेजी से अंबानी की संपत्ति में 5.4 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। बीस जून को अंबानी की कुल संपत्ति 64.5 अरब डॉलर थी। यही नहीं भारतीय कंपनी जगत में रिलायंस ने इसी सप्ताह 12 लाख करोड़ रुपए का भी इतिहास लिखा। फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर रैंकिंग्स में संपत्ति का आकलन शेयर की कीमत के आधार पर तय किया जाता है। यह हर पांच मिनट में अपडेट होता है। 

रिलायंस में अंबानी का शेयर 42 फीसदी है। आज बीएसई में रिलायंस का शेयर 2.95 प्रतिशत अर्थात 53.90 रुपए बढ़कर 1878.50 रुपये पर पहुंच गया। फोर्ब्स की आज की दस सबसे बड़े धनकुबेर की सूची में जेफ बेजोस 188.2 अरब डालर के साथ पहले नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर बिल गेट्स 110.70 अरब डॉलर, बर्नार्ड अरनॉल्ट फैमिली तीसरे नंबर पर (108.8 अरब डॉलर), मार्क जुकरबर्ग चौथे नंबर पर (90 अरब डॉलर), स्टीव बॉल्मर पांचवे नंबर पर (74.5 अरब डॉलर), लैरी एलिसन छठे नंबर पर (73.4 अरब डॉलर), मुकेश अंबानी सातवें नंबर पर (70.10 अरब डॉलर) हैं। इसके बाद वॉरेन बफेट, उसके बाद लैरी पेज और सर्जी ब्रिन हैं। 

Pardeep

Advertising