लिस्टिंग के बाद आधे से ज्यादा शेयर टूटे, 46% IPO निवेशकों को नुकसान

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 05:25 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः वित्त वर्ष 2025-26 में देश का प्राइमरी मार्केट रिकॉर्ड गतिविधियों के बावजूद निवेशकों के लिए उम्मीद से कमजोर साबित हुआ। बड़ी संख्या में कंपनियों के आईपीओ आने के बाद भी लिस्टिंग के बाद उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। आंकड़ों के मुताबिक, 112 मेनबोर्ड आईपीओ में से 52 कंपनियों के शेयर अपने इश्यू प्राइस से नीचे कारोबार कर रहे हैं, जिससे करीब 46 फीसदी निवेशकों को अब तक नुकसान झेलना पड़ा है।

Prime Database की रिपोर्ट के अनुसार, गिरावट कुछ खास सेक्टरों में ज्यादा देखने को मिली है। न्यू-एज टेक कंपनियां, एसेट-लाइट सर्विस मॉडल और SME से मेनबोर्ड पर आई कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा कमजोरी दर्ज की गई। इन सेक्टरों से बाजार को ऊंची उम्मीदें थीं लेकिन कंपनियां प्रदर्शन के मोर्चे पर पीछे रह गईं।

कई कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज हुई है। Anlon Healthcare, Jaro Institute, VMS TMT, Shree Ram Twistex और Glottis के शेयर अपने इश्यू प्राइस से 50 से 80 फीसदी तक गिर चुके हैं। इसके अलावा Gem Aromatics और सोलर सेक्टर की कंपनियां—Solarworld Energy Solutions, Oswal Pumps, Vikram Solar और GK Energy—में भी 50 फीसदी से अधिक की गिरावट देखी गई है।

बड़ी कंपनियां भी इस गिरावट से अछूती नहीं रहीं। Pine Labs, HDB Financial Services, Physicswallah और JSW Cement के शेयर लिस्टिंग के बाद अपने इश्यू प्राइस से नीचे फिसल गए हैं।

IPO से मुनाफे का दौर समाप्त

विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव संकेत देता है कि आईपीओ से त्वरित मुनाफे का दौर अब समाप्त हो रहा है। निवेशक अब केवल ब्रांड और ग्रोथ स्टोरी के बजाय कंपनियों की कमाई, बैलेंस शीट और बिजनेस मॉडल पर अधिक ध्यान दे रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार अब कंपनियों के प्रदर्शन को लेकर अधिक सख्त हो गया है। ऊंचे वैल्यूएशन, कमाई में पारदर्शिता की कमी और भविष्य की संभावनाओं पर अत्यधिक निर्भरता इस गिरावट के प्रमुख कारण हैं।
 
रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत में 140 से अधिक कंपनियां करीब 1.75 लाख करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में हैं, जबकि वित्त वर्ष 2026 में 112 कंपनियों ने रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News