महानगरों में तिलहन और दलहनों की कीमतों में टिकाव

Tuesday, Dec 01, 2015 - 01:57 PM (IST)

नई दिल्लीः सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 30 सितंबर को समाप्त सप्ताह में देश के 4 महानगरों में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कोई इजाफा नहीं हुआ। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इनकी कीमतें सबसे ज्यादा रहीं। उपभोक्ता मामले और खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की ओर से जारी आंकडों के अनुसार, 30 नवंबर को समाप्त सप्ताह में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे 4 महानगरों में खासतौर से तिलहन और दलहनों की कीमतों में 23 नवंबर को समाप्त पूर्ववर्ती सप्ताह की तुलना में कोई ज्यादा अतंर नहीं दिखाई पडा और यह लगभग एक स्तर पर टिकी रहीं। 

आंकडों की तुलना की जाए तो अरहर, मूंगफली और सरसों की कीमत दिल्ली में अन्य 3 महानगरों की तुलना में सबसे ज्यादा रही। दिल्ली में अरहर के दाम 164 रुपए प्रति किलोग्राम रहे जबकि मुंबई में यह 160 रुपए, चेन्नई में 150 रुपए और कोलकता में 148 रुपए प्रति किलोग्राम रहे। इसी तरह मूंगफली की कीमत भी दिल्ली में सबसे ज्यादा 150 रुपए प्रति किलोग्राम रही जबकि मुंबई में यह 124 रुपए, कोलकाता में 132 रुपए और चेन्नई में 120 रुपए रही। 

सरसों तेल भी दिल्ली में ही सबसे महंगा रहा। इसकी कीमत यहां 145 रुपए जबकि मुंबई में 106 रुपए, कोलकाता में 122 रुपए और चेन्नई में 137 रुपए प्रति किलोग्राम रही। केवल उड़द दाल ऐसी थी जो इस दौरान चेन्नई में सबसे महंगी बिकी। वहां इसकी कीमत 170 रुपए प्रति किलोग्राम रही, जबकि दिल्ली में इसके दाम 150 रुपए, कोलकाता में 126 रुपए और मुंबई में 164 रुपए रहे।

Advertising