आलू का MEP 360 डॉलर प्रति टन तय किया

Wednesday, Jul 27, 2016 - 03:08 PM (IST)

नई दिल्ली: सरकार ने आलू का न्यूनतम निर्यात मूल्य (एम.ई.पी.) 360 डॉलर प्रति टन तय किया है। आलू की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने तथा इसकी कीमतों पर अंकुश लगाने को यह कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश के आगरा में आलू का थोक भाव बढ़कर 15.25 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है। एक साल पहले यह दाम 7 रुपए किलो था। राष्ट्रीय राजधानी के खुदरा बाजार में आलू 30 से 35 रुपए किलो बिक रहा है।   

विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहा, ‘‘आलू का निर्यात 360 डॉलर प्रति टन के एम.ई.पी. पर किया जा सकता है।’’ वर्ष 2014-15 में भारत 4.8 करोड़ टन के साथ दुनिया में आलू का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक था लेकिन उसका निर्यात कुल उत्पादन का एक प्रतिशत से भी कम था। 

Advertising