Maruti ने छुआ 10 हजार रुपए का आंकड़ा, मार्कीट कैप 3 लाख करोड़ के पार

Wednesday, Dec 20, 2017 - 01:30 PM (IST)

नई दिल्लीः देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने आज एक नया इतिहास बनाया है। मारुति के शेयर में आई जबरदस्त तेजी की वजह से इसका मार्कीट कैपिटल नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। कंपनी के स्टॉक ने पहली बार 10,000 के स्तर पर छुआ है। इसके साथ ही मारुति का मार्कीट कैप 3 लाख करोड़ रुपए के पार चला गया है।

पहली बार 10,000 के स्तर को छुआ
बुधवार के कारोबार में बी.एस.ई. पर मारुति सुजुकी का स्टॉक 10,000 के स्तर को छुआ। स्टॉक 1.68 फीसदी बढ़कर 9970 रुपए पर के भाव पर खुला। कारोबार के दौरान तेजी से स्टॉक बढ़कर 10,000 रुपए के हाई पर पहुंच गया, जो अब तक का ऑलटाइम हाई है।

टॉप 5 कंपनियों में हुई शामिल
स्टॉक में आई तेजी से मारुति सुजुकी इंडिया का मार्कीट कैप बढ़कर 3,02,136.32 करोड़ रुपए हो गया। मार्कीट कैप में बढ़ोतरी से मारुति देश की टॉप 5 कंपनियों में शामिल हो गई है। मारुति ने एचयूएल, एसबीआई और एचडीएफसी को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है।

जनवरी से बढ़ जाएंगे दाम
कंपनी अपने वाहनों की कीमतों में जनवरी माह से दो फीसदी तक की बढ़ोतरी करेगी। निर्माण लागत बढ़ने के कारण कंपनी कारों की कीमतें बढ़ा रही है। कंपनी वर्तमान में 2.45 लाख रुपए में अल्टो 800 से लेकर 11.29 लाख रुपए में एस-क्रॉस मॉडल की बिक्री करती है।

Advertising