Sensex-Nifty Crash: बाजार में लगातार तीसरे दिन भूचाल, 4 लाख करोड़ का नुकसान, जानें गिरावट के कारण

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 11:05 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिख रहा है। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई।

सुबह करीब 10 बजे सेंसेक्स 805.17 अंक यानी 1.04% गिरकर 76,858.83 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 216.30 अंक यानी 0.89% टूटकर 23,956.75 पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले भी पिछले सत्र में सेंसेक्स 852.49 अंक और निफ्टी 205.05 अंक गिरा था। इस गिरावट के चलते बीएसई में लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में करीब 4 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है। 

आईटी शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव

आईटी सेक्टर में भारी बिकवाली देखने को मिली। एचसीएल टेक और इन्फोसिस के शेयर 2% से ज्यादा गिरे, जबकि टीसीएस और सन फार्मा में 1% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, पावरग्रिड, भारती एयरटेल, बीईएल और टेक महिंद्रा के शेयर भी दबाव में रहे।

हालांकि, कुछ शेयरों में तेजी भी देखने को मिली। एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इंडिगो के शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए।

ब्रॉडर मार्केट और रुपए की चाल

जहां प्रमुख सूचकांक दबाव में रहे, वहीं मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप में 0.16% और स्मॉलकैप में 0.26% की बढ़त रही।

रुपया भी कमजोर हुआ और डॉलर के मुकाबले 0.1% गिरकर 94.21 पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 94.10 पर बंद हुआ था।

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल

होर्मुज स्ट्रेट में जारी नाकेबंदी के कारण वैश्विक सप्लाई प्रभावित हुई है। दुनिया का करीब 20% कच्चा तेल इसी रास्ते से गुजरता है। सप्लाई बाधित होने से ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 0.98% बढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News