बिक रहा माल्या का आलीशान ‘किंगफिशर विला’, 5 महीने पहले यहां मनाया था जन्मदिन

Thursday, Sep 15, 2016 - 11:13 AM (IST)

मुंबई: 9 हजार करोड़ के कर्जदार विजय माल्या के ‘किंगफिशर विला’ को नीलाम करने की तैयारियां चल रही हैं। किंगफिशर एयरलाइंस की संपत्तियों की बिक्री के कई प्रयास विफल होने के बाद अब बैंक लंबे समय से ठप्प इस एयरलाइन की गोवा में एक प्रमुख संपत्ति किंगफिशर विला की नीलामी करने की तैयारी कर रहे हैं। इसकी नीलामी 19 अक्तूबर को होगी। यह नीलामी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की तरफ से रखी गई है। इस विला की बोली 85 करोड़ रुपए से शुरू होगी। इस विला में ही विजय माल्या ने पांच महीने पहले अपना 60वां जन्मदिन मनाया था।

बैंक अगले कुछ दिन में एयरलाइन की संपत्ति की नीलामी के लिए सार्वजनिक नोटिस निकाल सकते हैं। कंडोलिम में संपत्ति का इस्तेमाल कभी माल्या की ओर से खर्चीला पार्टियां देने के लिए किया जाता था। यूनाइटेड स्पिरिट्स के साथ लंबे समय तक चले विवाद के बाद बैंकों को मई में यह विला मिला था। इस विला का स्वामित्व यूनाइटेड ब्रेवरीज होल्डिंग्स के पास था। कर्ज लेने के लिए किंगफिशर एयरलाइंस ने 2010 में इसे एसबीआई की अगुवाई में 17 बैंकों के गठजोड़ के पास गिरवी रखा था।

क्या खास है विला में
यह विला 12,350 sq मीटर में फैला हुआ है। इस विला में तीन बड़े बेडरूम और एक बड़ा-सा लिविंग रूम है। इसके फर्नीचर को गोवा के मशहूर आर्किटेक्ट डीन डिक्रूज ने बनाया है। सारा फर्नीचर हैंडमेड है। यह सब हैंडमेड है। विजय माल्या पर 9 हजार करोड़ का कर्ज है। गिरफ्तारी के डर से माल्या मार्च 2016 में यूके भाग गया था।

गौरतलब है कि किंगफिशर एयरलाइन्स पिछले तीन साल पहले से डिफाल्टर घोषित हो चुकी है। यहां तक कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने भी किंगफिशर के इस रवैए की निंदा की थी। आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा भी था कि किसी डिफाल्टर को अपने जन्मदिन पर इतना पैसा खर्च नहीं करना चाहिए।

Advertising