मुंबई में लक्जरी घरों की बिक्री पहली छमाही में बढ़कर रिकॉर्ड 18,512 करोड़ रुपए पर

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 06:06 PM (IST)

मुंबईः मुंबई में 10 करोड़ रुपए से अधिक कीमत वाले लक्जरी घरों की बिक्री वर्ष 2026 की पहली छमाही में 12 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 18,512 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। यह वृद्धि बेहतर मांग और कीमतों में बढ़ोतरी के कारण हुई है। प्रॉपर्टी सलाहकार फर्म इंडिया सॉथबीज इंटरनेशनल रियल्टी और और रियल एस्टेट डेटा विश्लेषण कंपनी सीआरई मैट्रिक्स की एक संयुक्त रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। 

रिपोर्ट के मुताबिक, "मुंबई के लक्जरी आवासीय बाजार ने 2026 की पहली छमाही में 18,512 करोड़ रुपए के अब तक के उच्चतम छमाही लेनदेन मूल्य के साथ ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।" एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 16,518 करोड़ रुपए था। मात्रा के लिहाज से भी मुंबई में लक्जरी घरों की बिक्री बढ़कर 957 इकाइयों पर पहुंच गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 761 इकाई थी। 

रिपोर्ट के अनुसार, शहर के शीर्ष 10 इलाकों का कुल प्राथमिक लक्जरी आवास बिक्री मूल्य में करीब 80 प्रतिशत योगदान रहा। इंडिया सॉथबीज इंटरनेशनल के कार्यकारी निदेशक सुदर्शन शर्मा ने कहा कि मुंबई में वर्ली, ताड़देव, लोअर परेल और बांद्रा पश्चिम जैसे स्थापित सूक्ष्म बाजार बेहतर बुनियादी ढांचे और गुणवत्तापूर्ण परियोजनाओं की वजह से अग्रणी बने हुए हैं। 

उन्होंने कहा, "कीमतों में वृद्धि संतुलित बनी हुई है और डेवलपर कीमतों को बढ़ा-चढ़ाकर रखने से बच रहे हैं। द्वितीयक बाजार भी प्राथमिक बिक्री के साथ तालमेल में आगे बढ़ रहा है।" सीआरई मैट्रिक्स के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अभिषेक किरण गुप्ता ने कहा कि 20-40 करोड़ रुपए के खंड में घरों की बिक्री में विशेष रूप से मजबूत रुझान बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News