LPG Price Hike: दिवाली से पहले महंगाई का झटका, महंगा हुआ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 05:58 AM (IST)
नई दिल्ली: दिवाली के त्योहार से ठीक पहले आम जनता और कारोबारियों पर महंगाई का बोझ बढ़ गया है। 1 नवंबर से दिल्ली से लेकर चेन्नई और अहमदाबाद से लेकर शिलांग तक कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। हालांकि, आम गृहणियों के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर रखी गई हैं। इससे पहले 1 अक्टूबर को भी दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹62.50 महंगा हुआ था।
दिल्ली में ₹2,820 हुआ दाम, जानें प्रमुख शहरों का हाल
बेंचमार्क राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब ₹2,810 की जगह ₹2,820 का हो गया है, जबकि 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर ₹942 पर ही टिका हुआ है।
अन्य प्रमुख शहरों में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है:
- चेन्नई: यहां कमर्शियल सिलेंडर ₹11.50 महंगा होकर ₹2,994.50 का हो गया है (अक्टूबर में यह ₹2,983 का था)। चेन्नई में घरेलू सिलेंडर का दाम ₹957.50 बना हुआ है।
- अहमदाबाद: अहमदाबाद में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹10.50 बढ़कर ₹2,842 (पहले ₹2,831.50) पहुंच गई है। यहां घरेलू सिलेंडर ₹949 पर स्थिर है।
- मुंबई: मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर ₹2,764 और घरेलू सिलेंडर ₹941.50 का मिल रहा है।
- पटना और लखनऊ: बिहार के पटना में कमर्शियल सिलेंडर ₹3,132 पर पहुंच गया है और घरेलू सिलेंडर ₹1,040 का है। वहीं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कमर्शियल सिलेंडर ₹2,942 का हो गया है, जबकि घरेलू सिलेंडर ₹979.50 पर स्थिर है। इसके अलावा शिलांग में कमर्शियल सिलेंडर ₹3,091 और घरेलू सिलेंडर ₹1,007.50 का है।
होटल-रेस्टोरेंट और खान-पान पर पड़ेगा असर
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, कैटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा। इन स्थानों पर बड़े पैमाने पर 19 किलो वाले सिलेंडर का इस्तेमाल होता है, जिससे कारोबारियों की लागत बढ़ सकती है। हालांकि, बाजार में खाने-पीने की चीजों के दाम पर इसका कितना असर पड़ेगा, यह अन्य व्यावसायिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
