IOC की पहल, 'छोटू' नाम से जाना जाएगा 5kg वाला सिलेंडर

Saturday, Dec 12, 2020 - 02:37 PM (IST)

नई दिल्लीः इंडियन आयल कार्पोरेशन (आईओसी) ने अपने पांच किलो के एलपीजी सिलेंडर को ‘छोटू' नाम दिया है। कंपनी ने शु्क्रवार को इसकी जानकारी दी। आईओसी का यह छोटा सिलेंडर विभिन्न बिक्री केन्द्रों पर आसानी से उपलब्ध है। आईओसी के पेट्रोल पंप से लेकर, इंडाने एलपीजी वितरकों, किराना स्टोरों पर यह उपलब्ध है। इस सिलेंडर को केवल पहचान पत्र दिखाकर लिया जा सकता है। इसके लिए आवास पते का पहचान कार्ड आदि दिखाने की आवश्यकता नहीं है। 

कंपनी की यहां जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि आईओसी के चेयरमैन एस एम वैद्य ने बाजार मूल्य पर बेचे जाने वाले पांच किलो के ‘छोटू' सिलेंडर को एक संक्षिप्त आभासी आयोजन में जारी किया। यह सिलेंडर पूरे देश में उपलब्ध होगा।

निम्न आय वर्ग के लोगों के बीच है प्रचलित
पांच किलो का यह छोटा सिलेंडर निम्न आय वर्ग के लोगों और युवाओं के बीच काफी प्रचलित हैं। जो पेशेवर अकेले रहते हैं और जिनके पास परंपरागत 14.2 किलों का सिलेंडर खरीदने के लिए पैसे नहीं होते हैं उनके बीच यह सिलेंडर काफी उपयोग में लाया जाता है। आईओसी का कहना है कि यह नया नाम ग्राहकों के बीच पसंद किया जाएगा और अब उनके लिए पांच किलो का सिलेंडर इसका नाम लेकर खरीदने में आसान होगा।

 

सरकार देती है गैस सिलेंडर पर सब्सिडी 
मौजूदा समय में सरकार एक वर्ष में प्रत्येक घर के लिए 14.2 किलोग्राम के 12 सिलेंडरों पर सब्सिडी प्रदान करती है। अगर ग्राहक इससे ज्यादा सिलेंडर लेना चाहते है, तो वे उन्हें बाजार मूल्य पर खरीदते हैं। गैस सिलेंडर की कीमत हर महीने बदलती है। इसकी कीमत औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी विनिमय दरों में बदलाव जैसे कारक निर्धारित करते हैं।


 

jyoti choudhary

Advertising