LIC ने प्राप्त की 2016-17 में 1,80,117 करोड़ रुपए की निवेश आय

Sunday, May 21, 2017 - 05:14 PM (IST)

मुंबईः भारतीय जीवन बीमा निगम (एल.आई.सी.) को वित्त वर्ष 2016-17 में कुल 1,80,117 करोड़ रुपए की निवेश आय हुई। एल.आई.सी. देश की सबसे बड़ी घरेलू संस्थागत निवेश कंपनी भी है।आलोच्य वित्त वर्ष में कंपनी को सरकारी बांडों में निवेश, ब्याज, निगमित बांड ब्याज, लाभांश आय व इक्विटी बिक्री पर लाभ के माध्यम से आय हुई। एल.आई.सी. के कुल निवेश का बाजार मूल्य आलोच्य वित्त वर्ष में 17.08 प्रतिशत बढ़कर 24,69,589 करोड़ रुपए (अस्थायी) हो गया जो कि एक साल पहले 21,09,253 करोड़ रुपए था।

एल.आई.सी. सूत्रों ने बताया कि वित्त वर्ष 2016-17 में एल.आई.सी. ने केंद्र व राज्य सरकार की प्रतिभूतियों में 2.6 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया जिस पर औसत सालाना प्राप्ति 7.65 प्रतिशत रही। शेयरों में 41,751 करोड़ रुपए के निवेश के साथ कंपनी ने इक्विटी बिक्री से 19,302 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया। कारपोरेट बांडों में 27,350 करोड़ रुपए का निवेश किया गया।

उल्लेखनीय है कि सरकार ने 5,800 अरब रुपए के उधारी कार्यक्रम की घोषणा की है और ऐसा अनुमान है कि राज्य सरकारें भी मौजूदा वित्त वर्ष में 4,000 अरब रुपए की अतिरिक्त उधारी लेंगी। सूत्रों के अनुसार एल.आई.सी. का मानना है कि भविष्य में ब्याज दरों में गिरावट नहीं आएगी बल्कि यह बढ़ेंगी। 

Advertising