ट्रंप की टक्कर में अंबानी, कहा- ‘आखिर दिल है हिन्दुस्तानी’

Saturday, Mar 18, 2017 - 07:09 PM (IST)

मुंबईः अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संरक्षणवादी नीतियों को भारत के लिए एक तरह से वरदान बताते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने आज कहा कि यह सबसे उचित समय है जब हमारे कुशल प्रतिभाशाली लोगों को विदेश से लौटकर मातृभूमि की सेवा करनी चाहिए।  

अंबानी ने ‘इंडिया टुडे कॉनक्लेव’ में कहा, ‘‘यह सबसे बेहतर समय है कि जब हमारी बेहतर प्रतिभाओं को लौटकर भारत और भारतीयों के फायदे के लिए काम करना चाहिए।’’ अंबानी से जब यह पूछा गया कि क्या उन्हें विदेशों से भारत की आेर वापस प्रतिभापलायन की संभावना दिखती है तो उन्होंने तुरंत जवाब दिया ‘‘कोई शक नहीं।’’  

देश के सबसे अमीर उद्योगपति ने इस मामले में कहा, ‘‘जो भी वजह हो उन्हें इस देश में वापस लाया जाना चाहिए, वह इस देश के 1.30 अरब लोगों के जीवन को सुधारने में मदद कर सकते हैं और विकास का नया मॉडल यहां रख सकते हैं।’’ अंबानी ने कहा कि बदली परिस्थितियों में इससे बेहतर और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज को कई एेसे भारतीय मिले जिन्होंने बाद में दूसरे देशों में नेतृत्व की भूमिका निभाई। रिलायंस इंडस्ट्रीज को इस तरह की दो-से-तीन प्रतिभाएं हर महीने मिलतीं हैं।   

अंबानी ने कहा, ‘‘आने वाले समय में अधिक से अधिक प्रतिभाएं हमारे दरवाजें पर होंगी क्योंकि आखिर ‘‘हर एक का दिल है हिन्दुस्तानी। लोग भारत के लिए कुछ करना चाहते हैं।’’ 

Advertising