KVIC को NTPC से मिला 5 करोड़ रुपए का आर्डर

Saturday, Jul 09, 2016 - 03:29 PM (IST)

नई दिल्ली: खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (के.वी.आई.सी.) ने आज कहा कि उसे सार्वजनिक क्षेत्र की नैशनल थर्मल पावर कार्पोरेशन (एन.टी.पी.सी.) से 5.34 करोड़ रुपए का आर्डर मिला है। के.वी.आई.सी. ने एक बयान में कहा, ‘‘बिजली क्षेत्र की प्रमुख कम्पनी ने अपने कर्मचारियों के लिए बिना बाजू वाले 23,000 जैकेट बनाने के लिए आर्डर दिया है। इस आर्डर से के.वी.आई.सी. को 5.34 करोड़ रुपए की आय होगी।’’  

 

जैकेट खादी कटिया रेशम कपड़े का बनाया जाएगा और इसके अंदर सूती का अस्तर होगा और डिजाइनर बटन होंगे। के.वी.आई.सी. के अध्यक्ष वी के सक्सेना ने कहा कि इस आर्डर से 20,000 अतिरिक्त मानव घंटे का सृजन होगा। उन्होंने कहा, ‘‘के.वी.आई.सी. को बिजली क्षेत्र की इस प्रमुख कम्पनी से पहली बार इस तरह का आर्डर मिला है।’’ यह आर्डर 2 महीने में पूरा किया जाएगा। के.वी.आई.सी. ने कहा कि आई.आई.टी.-मुंबई ने अपने दीक्षांत समारोह में खादी के उत्पाद का उपयोग करने का फैसला किया है और 3,500 उत्तरीय के लिए आर्डर दिया है।

Advertising