केजरीवाल सरकार का बड़ा ऐलान, दिल्लीवासियों को आधे रेट पर मिलेंगे प्याज

Tuesday, Sep 24, 2019 - 10:38 AM (IST)

नई दिल्लीः प्याज के बढ़ते दामों ने रसोई के बजट को बिगाड़ कर रख दिया है। एक सप्ताह पहले जो प्याज 25 रुपए प्रति किलो बिक रहा था वह अब 60 रुपए हो गया है। इसी बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को प्याज की बढ़ती कीमतों से राहत देने का फैसला किया है।

मोबाइल वैन के जरिए मिलेगा सस्ता प्याज
दिल्ली में अब 60 रुपए बिकने वाला प्याज वो 24 रुपए में मुहैया कराया जाएगा। उनकी सरकार राशन की दुकानों और मोबाइल वैनों के जरिए सस्ती दर पर प्याज बेचेगी। केजरीवाल ने कहा, ‘‘सरकार प्याज की खरीद कर रही है। इसकी बिक्री दस दिन में शुरू होने की उम्मीद है। इस प्याज का दाम 24 रुपए किलो होगा। सरकार प्याज की बिक्री उचित दर दुकानों और मोबाइल वैन के जरिए करेगी।'' सरकारी अधिकारी के अनुसार इस समय दिल्ली के खुदरा बाजार में प्याज 60 से 70 रुपए किलो बिक रहा है।

मुंबई में 80 रुपए किलो पहुंची कीमत
वहीं मुंबई में आज प्याज 75 से 80 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। नासिक के व्यापारियों की माने तो फिलहाल प्याज की कीमत गिरने नहीं जा रही है। यहां थोक भाव 4400 रुपए प्रति क्विंटल है। जानकारों की मानें तो पिछले साल के सूखे ने और इस बार मॉनसून की देरी ने मुश्किलें बढ़ा दीं। इस बार कई जगहों पर मूसलाधार बारिश की वजह से बड़े पैमाने पर प्याज की फसल भी बर्बाद हो गई। नतीजा मंडियों में सप्लाई कम हो गई और कीमतें खरीदारों को रुलाने लगीं।

Supreet Kaur

Advertising