JSW सीमेंट का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ कई गुना बढ़कर 361.65 करोड़ रुपए
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 04:05 PM (IST)
नई दिल्लीः जेएसडब्ल्यू सीमेंट लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ कई गुना की वृद्धि के साथ 361.65 करोड़ रुपए रहा। जेएसडब्ल्यू सीमेंट लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को यह जानकारी दी। कंपनी ने 2024-25 की समान तिमाही में 16.21 करोड़ रुपए का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 1,894.99 करोड़ रुपए हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 1,709.39 करोड़ रुपए थी। चौथी तिमाही के दौरान कुल खर्च बढ़कर 1,702.3 करोड़ रुपए हो गया, जबकि एक साल पहले यह 1,661.85 करोड़ रुपए था।
कंपनी ने कहा कि जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान उसकी कुल बिक्री मात्रा सात प्रतिशत बढ़कर 39.9 लाख टन हो गई। इसमें सीमेंट की बिक्री मात्रा 12 प्रतिशत बढ़कर 23.5 लाख टन रही, जो वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में 21 लाख टन थी। कंपनी के निदेशक मंडल ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए 10 रुपए अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 50 पैसे के लाभांश की सिफारिश की है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 798.78 करोड़ रुपए का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह घाटा 163.76 करोड़ रुपए था।
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 6,512.46 करोड़ रुपए हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 5,813.07 करोड़ रुपए थी। कंपनी ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने राजस्थान के नागौर स्थित एकीकृत संयंत्र में सीमेंट ग्राइंडिंग क्षमता में अतिरिक्त 25 लाख टन प्रतिवर्ष (एमटीपीए) की वृद्धि को मंजूरी दी है। इस विस्तार पर 430 करोड़ रुपए का निवेश अनुमानित है। विस्तार के बाद नागौर इकाई की कुल ग्राइंडिंग क्षमता बढ़कर 60 लाख टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।
