जापान एयरलाइंस ने इंडिगो के साथ किया ‘कोडशेयर'' समझौता

punjabkesari.in Monday, Jun 03, 2024 - 02:22 PM (IST)

मुंबईः जापान एयरलाइंस ने इंडिगो के साथ ‘कोडशेयर' समझौता किया है। इससे जापान की विमानन कंपनी को घरेलू एयरलाइन नेटवर्क के 14 गंतव्यों तक सेवाएं विस्तारित करने में मदद मिलेगी। जापान एयरलाइंस वर्तमान में तोक्यो से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए अपनी सेवाएं संचालित करती है। वह हनेदा हवाई अड्डे से राष्ट्रीय राजधानी के लिए दैनिक उड़ान सेवाएं, जबकि नारिता हवाई अड्डे से बेंगलुरु के लिए सप्ताह में तीन उड़ानें संचालित करती हैं। 

बयान में कहा गया, ‘‘जापान एयरलाइंस (जेएएल) और इंडिगो ने कोडशेयर साझेदारी पर सहमति व्यक्त की है। इससे जापान और भारत के बीच अधिक यात्रा विकल्प उपलब्ध होने से लोगों को फायदा होगा।'' विमानन कंपनी इंडिगो के नेटवर्क योजना तथा राजस्व प्रबंधन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिजीत दासगुप्ता ने कहा, ‘‘जापान एयरलाइंस के साथ इंडिगो इस समझौते से कोडशेयर भागीदारी के अपने खंड का विस्तार कर रहा है। साझेदारी का यह चरण भारत में इंडिगो के व्यापक नेटवर्क का इस्तेमाल करके जापान से/जापान की यात्रा के लिए जापान एयरलाइंस के ग्राहकों के लिए उपलब्ध विकल्पों का विस्तार करता है।''

उन्होंने कहा कि यह साझेदारी दोनों देशों के बीच व्यापार, वाणिज्य और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निर्बाध संपर्क प्रदान करेगी। जापान एयरलाइंस में प्रबंध कार्यकारी अधिकारी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष (मार्ग विपणन) रॉस लेगेट ने कहा, ‘‘व्यापक नेटवर्क के दम पर भारत और जापान आने-जाने वाले यात्री एक ही टिकट पर अपनी उड़ान बुक कर सकेंगे। हाल के वर्षों में भारत ने उल्लेखनीय आर्थिक वृद्धि हासिल की है। जापान और भारत के बीच हवाई यात्रा की मांग पहले से कहीं अधिक बढ़ रही है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News