जगुआर लैंड रोवर की बिक्री 8 फीसदी घटी

Monday, Apr 09, 2018 - 01:33 PM (IST)

नई दिल्लीः टाटा मोटर्स की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई और ब्रिटेन की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी जगुआर लैंड रोवर की बिक्री मार्च में 7.8 प्रतिशत घटकर 83,732 इकाई रह गई, हालाँकि पूरे वित्त वर्ष के दौरान उसने रिकॉर्ड बिक्री की है।

टाटा मोटर्स ने आज बताया कि इसमें जगुआर की बिक्री 12.7 प्रतिशत घटकर 24,300 इकाई और लैंड रोवर की 5.7 प्रतिशत घटकर 59,432 इकाई रह गई। इसका मुख्य कारण ब्रिटेन समेत पूरे यूरोपीय बाजार में बिक्री में आई गिरावट रही है। जगुआर लैंड रोवर के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी फेलिक्स ब्रॉटिगम ने बिक्री के आंकड़ों के बारे में बताया ग्राहकों की धारणा में कमी के कारण ब्रिटेन और यूरोप में बाजार की परिस्थितियां कमजोर रहने और डीजल की मांग कम रहने से हमारा विकास प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद हमने वित्त वर्ष में रिकॉर्ड बिक्री की है।

वित्त वर्ष के दौरान कंपनी की बिक्री 1.7 प्रतिशत बढक़र 6,14,309 इकाई पर पहुंच गई। इसमें जगुआर की बिक्री एक फीसदी बढक़र 1,74,560 इकाई पर और लैंड रोवर की दो फीसदी बढक़र 4,39,749 इकाई पर रही। 

Supreet Kaur

Advertising