ताज मानसिंह नीलामी में भाग लेने के विकल्पों पर विचार कर रही है ITC

Friday, Apr 21, 2017 - 05:12 PM (IST)

नई दिल्लीः प्रमुख औद्योगिकी घराना आई.टी.सी. यहां स्थित होटल ताज मानसिंह के लिए बोली पेश करने के विकल्पों पर विचार कर रहा है। उच्चतम न्यायालय ने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एन.डी.एम.सी.) को इस होटल की नीलामी करने की अनुमति दे दी है। इस होटल का परिचालन दशकों से टाटा समूह की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी कर रही थी। उसने भी इसकी नीलामी में भाग लेने की मंशा जताई है। आई.टी.सी. के अधिकारियों ने इस बारे में संपर्क करने पर टिप्पणी से इनकार किया। वहीं सूत्रों ने कहा कि कंपनी नीलामी में भाग लेने के लिए रणनीति पर विचार कर रही है। सूत्रों ने कहा,‘ हम विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।’

उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय ने कल एन.डी.एम.सी. के इस तर्क को स्वीकार कर लिया कि इंडियन होटल्स को इस होटल सम्पत्ति के मामले में की बिक्री के मामले में व्यावसायिक अनुबंधों के तहत  ‘पहले इनकार करने’ (खरीद करने का पहला दावा करने) का अधिकार नहीं मिल सकता। हालांकि न्यायालय ने एन.डी.एम.सी. से कहा है कि अगर बोली में ताज मानसिंह फिर इंडियन होटल्स को नहीं मिलता तो उसे इसे खाली करने के लिए छह महीने का समय दिया जाए। इंडियन होटल्स के प्रवक्ता ने ईमेल से भेजी प्रतिक्रिया में कहा,‘ हम उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हैं और जब भी ई-नीलामी होगी हम उसमें भागीदारी करना चाहेंगे।’
 

Advertising