IPO Alert: अगले हफ्ते खुलेंगे 3 नए IPO, Coal India की कंपनी भी ला रही इश्यू, जानें डिटेल
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 04:16 PM (IST)
नई दिल्लीः शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए अगला सप्ताह काफी अहम रहने वाला है। 16 नवंबर से शुरू हो रहे सप्ताह में तीन नई कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं। खास बात यह है कि इन तीन कंपनियों में सरकारी कंपनी कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड भी शामिल है। इसके अलावा क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन और वतराना रेंटल्स के पब्लिक इश्यू भी खुलने जा रहे हैं।
नए सप्ताह में आने वाले तीन IPO में से दो मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं, जबकि एक SME सेगमेंट का है। निवेशकों के पास इन इश्यू में पैसा लगाने के लिए अलग-अलग तारीखों पर मौका रहेगा।
1. Crystal Crop Protection IPO
क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का IPO 18 नवंबर को खुलेगा और 20 नवंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए उपलब्ध रहेगा। कंपनी इस इश्यू के जरिए कुल 455.49 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। इसमें 354.77 करोड़ रुपए के नए शेयर जारी होंगे, जबकि 100.71 करोड़ रुपए के शेयर ऑफर फॉर सेल के जरिए बेचे जाएंगे।
इसका प्राइस बैंड 259 से 272 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है। निवेशकों को एक लॉट में 55 शेयर मिलेंगे। IPO का अलॉटमेंट 23 नवंबर को फाइनल होने की संभावना है, जबकि शेयरों की लिस्टिंग 26 नवंबर को NSE और BSE पर हो सकती है।
2. Mahanadi Coalfields IPO
इस सप्ताह का सबसे चर्चित इश्यू महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड का हो सकता है। सरकारी कंपनी कोल इंडिया की यह सब्सिडियरी 19 नवंबर को अपना IPO खोलने जा रही है। निवेशक इसमें 23 नवंबर तक बोली लगा सकेंगे।
इस IPO में 66.18 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल शामिल है। यानी कंपनी कोई नया शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि कोल इंडिया अपनी हिस्सेदारी के शेयर बेचेगी। फिलहाल IPO का प्राइस बैंड, लॉट साइज और कुल इश्यू वैल्यू घोषित नहीं की गई है। अलॉटमेंट 25 नवंबर को और लिस्टिंग 27 नवंबर को NSE और BSE पर संभावित है।
3. Watrana Rentals IPO
वतराना रेंटल्स का IPO भी 19 नवंबर को खुलने जा रहा है। कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए 120.10 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। यह पूरा इश्यू नए शेयरों का होगा, जिसमें 49.02 लाख शेयर जारी किए जाएंगे।
इसका प्राइस बैंड 232 से 245 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। लॉट साइज 600 शेयरों का है। निवेशक 23 नवंबर तक इसमें पैसा लगा सकेंगे। IPO का अलॉटमेंट 25 नवंबर को फाइनल होने की उम्मीद है, जबकि कंपनी के शेयर 27 नवंबर को NSE SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।
